झारखंड में शिक्षकों को सीएम हेमंत की सौगात

नवनियुक्त 1042 इंटर एवं स्नातक प्रशिक्षित सहायक आचार्यों को नियुक्ति पत्र

CM HEMANT ON TEACHER- झारखंड सरकार की ओर से नवनियुक्त 1042 इंटर एवं स्नातक प्रशिक्षित सहायक आचार्यों के नियुक्ति पत्र वितरण समारोह में सीएम हेमंत सोरेन,वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर,मुख्य सचिव अविनाश कुमार,सांसद महुआ माजी सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। इस मौके पर सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कि आज यहां एक हजार से अधिक सहायक शिक्षकों को नियुक्ति पत्र दिया गया है। सभी परिवारों के अंदर भी आज के दिन काफी उत्साह है। आप लोगों को ऐसे क्षेत्र का जिम्मा दिया जा रहा जहां आने वाले समय में इस राज्य के बौद्धिक क्षेत्र का आयाम कैसा हो ये शिक्षक तय करेंगे,हमारी आने वाली पीढ़ी अपने पैरों पर खड़ा कैसे हो आप सब को तय करना है। सरकारी संस्थानों पर बहुत उंगलिया उठती है, कमियां और खामियां दिखाई जाती है, कुछ खबरें सही होती कुछ गलत भी होती है। झारखंड में आज सरकार की जिम्मेवारी सवा तीन करोड़ लोगों की है। विधि व्यवस्था से लेकर हर चीज की जिम्मेवारी सरकार की है। सरकार आम लोगों के द्वारा चुनी जाती है। सरकार की जिम्मेवारी हर विषयों की है पर राज्य के नागरिकों की भी जिम्मेवारी है। हम सभी लोग जिम्मेवारी नागरिक के तौर पर व्यवहार करें और सरकार अपनी जिम्मेदारी का निर्वाहन करे तो किसी पर उंगली नहीं उठ सकता है।

‘हमारी सरकार में लगभग 55 हजार लोगों को नियुक्ति दी गई’

राज्य के अंदर भय मुक्त माहौल हो,अपने सिविक सेंस को मजबूत करें तो बहुत बड़ा बदलाव हो सकता है। नहीं तो इंसान भी तो एक जानवर ही है,हम जानवर से अलग इस लिए कहे जाते हैं कि सोचने समझने की क्षमता है। आज सभी बौद्धिक रुप से सपन्न व्यक्ति हैं,आप सभी में जो खास है जिसके कारण आप इतने तादाद में चुने गए हैं। जो छूट गए वो आगे अन्य प्रतिस्पर्धा में जगह हासिल करें। हमारी सरकार में लगभग 55 हजार लोगों को नियुक्ति दी गई है। आपके माध्यम और सहयोग से झारखंड जैसे राज्य में बौद्धिक विकास को रौशनी और जगमगाने का हमारा प्रयास है। इस राज्य ने देश और दुनिया को सिर्फ देने का काम किया उसके अनुपात में राज्य को कम मिला,इसी कारण आज भी शिक्षा के क्षेत्र में यहां चुनौती बनी है,उस चुनौती को भेदने की जिम्मेदारी हम सब की है।

‘अगर आप में द्वेष होगा तो नुकसान ही नुकसान’

सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कि वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों में देश और राज्य की क्या स्थिति है इसकी भी आप जानकारी रखते हैं। आज जिस तरीके का वातावरण तैयार हो रहा सिर्फ राजनीतिक हितों को साधने के लिए ये वातावरण ठीक नहीं है। कुछ विकृति विचार वाले लोग समाज में आग लगाने में लगे हैं जो आग सबको परेशान कर सकता है। द्वेष आग किसी का जाति धर्म नहीं पूछता वो अपना काम करता है। ये भी ध्यान रखना है कि हम अपने आस पास ऐसे वातावरण को पनपने न दें। अगर आप में द्वेष होगा तो नुकसान ही नुकसान है। सभी सहायक शिक्षक एक गठरी में बंध कर रहे फिर तोड़ना मरोड़ना आसान नहीं।

‘बड़े पैमाने पर साइंस में भी नियुक्ति हुई’

सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कि सोशल मीडिया पर जो देखने को मिलता है वैसी खबर आप लोगों के तरफ से न आए नहीं तो सरकार कड़े कदम भी उठा सकती है। सरकार की व्यवस्था पर हमें गर्व होना चाहिए और कितना बेहतर कर सकते हैं इस पर काम करना चाहिए। जहां सरकारी स्कूलों पर उंगलियां उठाई जाती थी मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय हमने खड़ा किया। हम उनमें से नहीं जो बड़ी लकीर को मिलता कर अपनी लकीर को बड़ा दिखाना है। शिक्षक को लेकर कमियां हैं मैं मानता हूं पर अलग अलग क्षेत्रों में हम रास्ते खोल रहे हैं। ये सुनने में आता है सरकारी स्कूल के बच्चे साइंस नहीं पढ़ पा रहे की शिक्षक नहीं हैं आज बड़े पैमाने पर साइंस में भी नियुक्ति हुई है।

बेहतर शिक्षा देने की आवश्यकता है-वित्त मंत्री

CM HEMANT ON TEACHER
शिक्षकों को सीएम हेमंत की सौगात

वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर ने कहा कि जिन सपनों को लेकर राज्य का निर्माण हुआ था पीछे के कालखंड के किसी सरकार ने पूरा नहीं किया। सीएम हेमंत सोरेन विभिन्न क्षेत्रों में विकास के माध्यम से राज्य को विकास के मानचित्र पर स्थापित करना चाहते हैं। राज्य में बेरोजगारी बड़ी समस्या रही, सीएम हेमंत सोरेन ने अपने मन में संकल्प लिया राज्य के युवाओं को रोजगार का अवसर दें ताकि राज्य के विकास में युवाओं की भूमिका और महत्वपूर्ण हो ।  2020 से अब तक कुल 38 हजार से ज्यादा नियुक्ति हुई है। सिंचाई शिक्षा, ऊर्जा स्वास्थ्य सहित अन्य क्षेत्र में जिस तरह से काम हो रहा। नियुक्ति पत्र पाने वाले से अपील होगी, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देना अब आपके कंधे पर जिम्मेवारी आने वाली है। छात्रों को सही दिशा दिलाना महत्वपूर्ण जिम्मेवारी है। आज पूरे हिन्दुस्तान की जो स्थिति है सामाजिक व्यवस्था में जो बिखराव दिखाईं देता है जाति और धर्म के नाम पर उन्माद पैदा किए जा रहे हैं ऐसे में बेहतर शिक्षा देने की आवश्यकता है।

नियुक्ति की सौगात से युवा भविष्य को लेकर उत्साहित-विभागीय सचिव

विभागीय सचिव उमा शंकर सिंह ने बताया कि सीएम के मार्गदर्शन में नव नियुक्त सहायक आचार्य को नियुक्ति पत्र वितरित किया गया। राज्य सरकार द्वारा की जा रही नियुक्ति की सौगात से युवा अपने भविष्य को लेकर उत्साहित हैं। राज्य के शैक्षणिक विकास की गति को आगे ले जाने में शिक्षक अपनी भूमिका निभाएगें।

दायित्व का निर्वहन ईमानदारी से करूंगा-नव चयनित अभ्यर्थी

नव चयनित अभ्यर्थी ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि सुदूरवर्ती ग्रामीण क्षेत्र से आता हूं, सीएम के 2026 के नियुक्तियों के वर्ष का लाभ मुझे भी मिला है। मैं अपने दायित्व का निर्वहन ईमानदारी से करूंगा। रांची से नवचयनित शिक्षिका ने कहा कि 22 वर्षों से पारा शिक्षक के रुप में काम कर रही हूं, राज्य सरकार द्वारा पारदर्शिता पूर्ण नियुक्ति हुई है, जिसका लाभ मुझे भी मिला है। गढ़वा से चयनित अभ्यर्थी ने कहा कि हम लोगों को मौका मिला है। पारदर्शी तरीके से नियुक्ति हुई है।