सम्राट कैबिनेट में 29 एजेंडों पर मुहर

बिहार कैबिनेट की बैठक में अहम फैसले

SAMRAT CABINET MEETING- बिहार कैबिनेट की आज अहम बैठक हुई। इस बैठक में कुल 29 एजेंडों पर मुहर लगी। बैठक में शिक्षा, स्वास्थ्य, ग्रामीण विकास, पर्यटन, सड़क, उद्योग, पंचायती राज, परिवहन, जेल, न्यायिक भवन और कृषि समेत कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए । बैठक की अध्यक्षता खुद सीएम सम्राट चौधरी ने की । इस बैठक में बिहार सरकार के कई मंत्री भी शामिल हुए।

सम्राट कैबिनेट की बैठक में किन किन एजेंडों पर लगी मुहर

SAMRAT CABINET MEETING
सम्राट कैबिनेट के अहम फैसले

1. बिहार राज्य विश्वविद्यालय सेवा आयोग की कार्य संचालन नियमावली-2026 के प्रारूप को मंजूरी मिली
2. 20 जुलाई 2026 को आयोजित होने वाली सोमनाथ यात्रा के लिए करीब 2.50 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई

3. राज्य में पत्थर खनन के ई-नीलामी नियमों और न्यूनतम सुरक्षित मूल्य निर्धारण में संशोधन को मंजूरी मिली
4. विकसित भारत रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) के तहत अकुशल मजदूरों की मजदूरी दर तय करने का निर्णय लिया गया

5. इसी योजना के क्रियान्वयन के लिए बिहार रूरल डेवलपमेंट सोसाइटी को नोडल एजेंसी बनाने की मंजूरी दी गई
6. बक्सर केंद्रीय कारा परिसर से वामन भगवान मंदिर के विकास और सौंदर्यीकरण के लिए भूमि अलग करने का निर्णय लिया गया

7. पटना नगर निगम को 200 करोड़ रुपये तक का नगर निगम बॉन्ड जारी करने की स्वीकृति मिली
8. पटना जू प्रबंधन एवं विकास सोसायटी के लिए 23 नए पदों के सृजन को मंजूरी दी गई

9. पटना जू के पहले से सृजित 29 पदों के प्रत्यर्पण को भी मंजूरी मिली
10. 16वें वित्त आयोग की अनुशंसा के तहत पंचायतों को मिलने वाले अनुदान के वितरण और उपयोग को स्वीकृति दी गई

11. बिहार राज्य पथ परिवहन निगम के 31 बस डिपो और स्टैंड को PPP मॉडल पर विकसित करने की सैद्धांतिक मंजूरी मिली
12. गया जिले में सड़क निर्माण परियोजना के लिए सरकारी भूमि हस्तांतरण को मंजूरी दी गई

13. पूर्णिया में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना के लिए सरकारी भूमि उपलब्ध कराने का फैसला लिया गया
14. नालंदा के राजगीर में भी केंद्रीय विद्यालय के लिए भूमि आवंटन को मंजूरी मिली

15. बिहार नौकाघाट बंदोबस्ती एवं प्रबंधन नियमावली-2026 को स्वीकृति दी गई
16. एक निलंबित राजस्व अधिकारी को सरकारी सेवा से बर्खास्त करने की मंजूरी दी गई

17. बिहार बाह्य विज्ञापन नियमावली-2026 को मंजूरी मिली
18. भोजपुर में न्यायिक आवास और गेस्ट हाउस निर्माण के लिए संशोधित प्रशासनिक स्वीकृति दी गई

19. बीरपुर हवाई अड्डे के विकास के लिए अतिरिक्त मुआवजा राशि स्वीकृत की गई
20. बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम में दो नए वरिष्ठ पदों के सृजन को मंजूरी मिली

21. औद्योगिक क्षेत्र के विकास के लिए 25 हजार करोड़ रुपये तक वित्तीय संसाधन जुटाने का निर्णय लिया गया
22. गन्ना यंत्रीकरण योजना 2026-27 के लिए 34.59 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई

23. बीज विकास योजना के लिए 37.93 करोड़ रुपये मंजूर किए गए
24. सड़क और पुल निर्माण परियोजनाओं के लिए 21 हजार करोड़ रुपये तक वित्तीय संसाधन जुटाने को मंजूरी मिली

25. बिहार रोड यूजर फीस नियमावली-2026 को स्वीकृति दी गई
26. बिहार औद्योगिक निवेश प्रोत्साहन पैकेज-2025 की अवधि बढ़ाने का फैसला लिया गया

27. मधेपुरा में केंद्रीय विद्यालय के लिए भूमि उपलब्ध कराने की मंजूरी दी गई
28. मधुबनी जिले में केंद्रीय विद्यालय के लिए भूमि आवंटन को स्वीकृति मिली

29. शेखपुरा में केंद्रीय विद्यालय भवन निर्माण के लिए अतिरिक्त भूमि उपलब्ध कराने के प्रस्ताव पर भी कैबिनेट ने मुहर लगा दी

पिछली कैबिनेट में 41 एजेडों पर लगी थी मुहर

पिछले बुधवार को हुई कैबिनेट की बैठक में कुल 41 एजेंडों पर मुहर लगी थी। जिसमें बिहार के 5 जिलों में नए निजी यूनिवर्सिटी खोलने का फैसला लिया गया था। जिसमें मधुबनी में शांजा यूनिवर्सिटी, नवादा के अशोक नगर में एस.ए. यूनिवर्सिटी, पटना में हिमालय यूनिवर्सिटी, औरंगाबाद के जसोइया मोड़ में सीतयोग यूनिवर्सिटी और सीवान में प्राइवेट यूनिवर्सिटी शामिल है।