लाल और हरा झंडा हुआ फेल,लहराया बीजेपी का झंडा-सम्राट
SAMRAT ON OPPOSITION AND CRIME-बिहार के सीएम सम्राट चौधरी ने विपक्ष पर जोरदार हमला बोला तो वहीं केंद्र सरकार की उपलब्धियों को गिनाया । राजनीतिक अंदाज में विपक्ष पर निशाना साधते हुए सम्राट चौधरी ने कहा, “हरा झंडा लाल झंडा सब फेल हो गया है बस एक ही झंडा लहराएगा,भाजपा का झंडा”।
केंद्र सरकार और पीएम मोदी की तारीफ

उन्होंने पटना के नौबतपुर स्थित पिपलावा के एक निजी बैंक्विट हॉल में आयोजित विकसित भारत संकल्प सम्मेलन में सम्मेलन को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जमकर तारीफ की । सम्राट चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है। उन्होंने बताया कि साल 2014 में जनता ने भाजपा को पूर्ण बहुमत दिया था जिसके बाद आज भारत विश्व मंच पर एक सशक्त एवं प्रभावशाली राष्ट्र के रूप में अपनी पहचान बना चुका है। मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने अनुच्छेद 370 को समाप्त करने, अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण कराने और गरीब, किसान, महिला और युवाओं के कल्याण के लिए अनेक योजनाओं को सफलतापूर्वक लागू करने का काम किया है। उन्होंने जोर दिया कि सरकार केवल घोषणाएं नहीं करती, बल्कि योजनाओं को धरातल तक पहुंचाने का काम करती है।
किसानों के हितों में सरकार कर रही काम
उन्होंने कहा कि किसानों के हित में केंद्र सरकार लगातार काम कर रही है और प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत किसानों के खातों में सीधे सहायता राशि पहुंचाने का कार्य किया गया है।
सीएम सम्राट चौधरी ने की नीतीश कुमार की तारीफ
अपने संबोधन के दौरान उन्होंने बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की भी प्रशंसा की और कहा कि राज्य एवं केंद्र सरकार मिलकर विकास कार्यों को गति दे रही हैं।
सम्मेलन में अपराधियों को सख्त चेतावनी
वहीं सीएम सम्राट चौधरी ने बिहार में अपराध को लेकर कहा कि मैं फिर से कह रहा हूं कि जो अपराधी बिहार में अपराध करने का सोच रहे हैं वो एक बार सोच ले,सभी जगह हमारी ही सरकार है । वहीं कहा कि सरकार ने पूरी खुली छूट दी है. अपराधी को बिहार छोड़ना ही होगा. उन्होंने कहा कि अपराध या अपराधी जब चैलेंज करता है, तभी पुलिस को जवाब देने की जरूरत पड़ती है. उन्होंने कहा कि बिहार में कोई अपराधी नहीं रहे ।
सम्मेलन में बड़ी संख्या में पहुंचे कार्यकर्ता और किसान
सम्मेलन में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता,किसान एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान विकसित भारत के संकल्प को साकार करने और केंद्र सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया गया।
