बाबा की नगरी में राहुल का परशुराम वाला पोस्टर,बड़ा सवाल क्या काम आएगा कांग्रेस का हिंदू कार्ड?
Rahul Gandhi Parshuram Poster:कांग्रेस नेता राहुल गांधी का जन्मदिन यूं तो हर जगह कार्यकर्ताओं ने धूमधाम से मनाया,लेकिन वाराणसी में जो हुआ,उसने यूपी की सियासत में नई कहानी लिखनी शुरू कर दी है।दरअसल वाराणसी में राहुल गांधी के जन्मदिन को कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने केवल एक केक काटने का शो पीस नहीं बनाया,बल्कि इसके जरिये एक बड़ा धार्मिक संदेश देने और हिंदुओं को अपनी ओर आकर्षित करने की कोशिश की।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इस बार राहुल गांधी के जन्मदिन पर कुछ ऐसा किया,जिसकी हर तरफ चर्चा हो रही है। राहुल गांधी को भगवान परशुराम के प्रतीकात्मक स्वरूप में पेशकर कांग्रेस ने एक बड़े वर्ग को साधने और बीजेपी के वोटबैंक में सेंध लगाने की पूरी कोशिश की।
मां गंगा की लहरों के बीच वैदिक मंत्रों के साथ पंडितों ने जो किया,उसने सत्ताधारी दल की भी टेंशन बढ़ा दी।इसे कांग्रेस का अब तक सबसे बड़ा साफ्ट हिंदू कार्ड माना जा रहा है।
एक हाथ में संविधान तो दूसरे में फरसा लिये थे राहुल गांधी
राहुल गांधी के जन्मदिन का सबसे बड़ा आकर्षण था वो, पोस्टर जिसमें उन्हें भगवान परशुराम (Rahul Gandhi Parshuram Poster)के अवतार के रूप में दिखाया गया था।पोस्टर में राहुल गांधी के एक हाथ में भारत का संविधान और दूसरे हाथ में फरसा था। इस पोस्टर के बड़े राजनीतिक मायने निकाले जा रहे हैं।
राहुल गांधी के इस पोस्टर का कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने मां गंगा की लहरों के बीच वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ दूध से अभिषेक करवाया।सियासी पंडितों का कहना है कि,इस पोस्टर के जरिये कांग्रेस ये संदेश देना चाहती है कि,राहुल गांधी ने केवल देश के संविधान और सामाजिक न्याय के लिए लड़ रहे हैं,बल्कि अन्याय होने पर वो भगवान परशुराम की तरह दमन करने की शक्ति भी रखते हैं।
इस मौके पर वाराणसी कांग्रेस के जिलाध्यक्ष विकास सिंह ने कहा कि,’’यह सिर्फ जन्मदिन का जश्न नहीं है, बल्कि यह संदेश है कि राहुल गांधी अब हर वर्ग, विशेषकर ब्राह्मण समाज और न्यायप्रिय लोगों की आवाज बन चुके हैं। सामाजिक न्याय और सनातन का यह संगम देश में नई क्रांति लाएगा।‘’
बाबा विश्वनाथ से राहुल गांधी की लंबी उम्र की कामना
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बाबा विश्वनाथ और माता अन्नपूर्णा के साथ ही मां गंगा से राहुल गांधी के स्वस्थ जीवन और लंबी आयु की कामना की।यही नहीं कार्यकर्ताओं ने बाबा भोलेनाथ से राहुल गांधी के प्रधानमंत्री बनने का भी प्रार्थना की।इसके बाद कार्यकर्ताओं ने लडु का केक काटकर एक-दूसरे का मुंह मीठा कराया,और राहुल गांधी जिंदाबाद के नारे लगाए। जिससे पूरा घाट राहुल गांधी के नारों से गूंजायमान हो उठा।
संवाददाता
सतीश नंदा,वाराणसी
