नई दिल्ली : SP-Congress Seat Sharing उत्तर प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी और कांग्रेस में गठबंधन को लेकर पेंच फंसता नजर आ रहा है. सोमवार से सीट शेयरिंग को लेकर जारी बातचीत आज मंगलवार यानी दूसरे दिन भी जारी रहेगी. लेकिन सूत्रों की कबर के मुताबिक, सपा ने कांग्रेस को 26 सीटें देने का प्रस्ताव रखा है, हालांकि, कांग्रेस इससे कहीं ज्यादा सीटें मांग रही है. वहीं, ये भी जानकारी सामने आई है कि, इन 26 सीटों में वे सीटें शामिल हैं, जिनमें कांग्रेस ने 2022 में जीत दर्ज की थी, या दूसरे नंबर पर रही थी.
सूत्रों के मुताबिक, समाजवादी पार्टी ने कांग्रेस को जिन 26 सीटों का प्रस्ताव दिया है, उनमें दो सीटें ऐसी हैं, जहां कांग्रेस ने 2022 में जीत दर्ज की थी. इनमें रामपुर खास और फरेंदा विधानसभा सीट शामिल हैं. इसके अलावा चार सीटें ऐसी हैं, जहां पिछले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस दूसरे नंबर पर रही थी. इनमें मथुरा, खेरागढ़, जगदीशपुर और किदवई नगर विधानसभा सीट शामिल हैं.
इन 20 सीटों पर भी कांग्रेस को प्रस्ताव
इन 6 सीटों के अलावा सपा ने कांग्रेस को 20 अन्य विधानसभा सीटें भी प्रस्तावित की हैं. इनमें बागपत, मोदीनगर, हापुड़, जेवर, स्याना, खुर्जा, खैर, इगलास, मांट, आगरा उत्तर, फतेहपुर सीकरी, बिलग्राम-मल्लावां, गोविंद नगर, नानपारा, गोरखपुर शहर, खजनी, पडरौना, फाजिलनगर, पिंडरा और वाराणसी कैंट शामिल हैं.
130 सीटों पर कांग्रेस से मांगा जीत का समीकरण
सूत्रों के अनुसार, कांग्रेस ने सीट बंटवारे को लेकर सपा को 130 विधानसभा सीटों की सूची सौंपी थी. इनमें से 26 सीटों का प्रस्ताव देने के बाद सपा ने बाकी सीटों पर कांग्रेस से जीत का समीकरण और संभावित प्रत्याशियों की जानकारी मांगी है.
कांग्रेस अड़ी, 100 से कम सीटों पर बात नहीं
सीटों के बंटवारे को लेकर कांग्रेस भी अपनी मांग पर अड़ी हुई है. सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस का मानना है कि राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने उत्तर प्रदेश में लगातार मेहनत की है. पार्टी ने कई प्रदर्शनों में हिस्सा लिया है, जिसका असर लोकसभा चुनाव में भी दिखाई दिया और कांग्रेस की सीटों में बढ़ोतरी हुई.
कांग्रेस इसी प्रदर्शन को आधार बनाकर विधानसभा चुनाव में ज्यादा सीटों पर चुनाव लड़ना चाहती है. पार्टी का कहना है कि तीन डिजिट से कम सीटों पर बात नहीं बन सकती. सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस आज होने वाली बैठक में भी 100 से कम सीटों पर सहमत नहीं होगी.
यह भी पढ़ें
