एजेंसी : FSSAI Action On Branded Drinking Water बिसलेरी पानी के सैंपल टेस्ट में फेल होने के बाद भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने अन्य पैकेजिंग ड्रिंकिंग वाटर औप मिनरल वाटर के नमूनों की जांच कराए जाने का फैसला किया है. इसके लिए देश भर में अलग-अलग कंपनियों के पानी के नमूने लिये जा रहे हैं. FSSAI के सीईओ राजित पुनहानी ने जानकारी देते हुए बताया कि, जांच की रिपोर्ट में आने में एक से दो महीने लग सकते हैं. उन्होंने कहा कि, जांच की प्रक्रिया पूरे देश में शुरू हो चुकी है. भारत जैसे बड़े देश में सैपल इकट्ठा करने और लैब में उनकी जांच करने में समय लगेगा.
उपभोक्ता के हितों की रक्षा करना
राजित पुनहानी ने साफ किया कि इस अभियान का मकसद लोगों के बीच डर पैदा करना नहीं, बल्कि कंपनियों से खाद्य सुरक्षा नियमों का पालन करवाना और उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा करना है. FSSAI ने राज्य के खाद्य आयुक्तों और क्षेत्रीय निदेशकों को भी निगरानी, निरीक्षण और सैंपलिंग बढ़ाने के निर्देश दिए हैं. नियमों का उल्लंघन मिलने पर संबंधित कंपनियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.
बिसलेरी पर हुई थी कार्रवाई
यह कार्रवाई ऐसे समय में हो रही है, जब FSSAI ने बिसलेरी इंटरनेशनल के एक बोतलबंद पानी के सैंपल को असुरक्षित घोषित किया. हालांकि, बिसलेरी ने सोमवार को अपने उत्पाद को पीने के लिए सुरक्षित बताया था और कहा था कि वह इस मामले में खाद्य नियामक के साथ सहयोग करेगी. FSSAI के सीईओ ने कहा कि कंपनी के खिलाफ कानूनी प्रक्रिया सामान्य नियामकीय कार्रवाई का हिस्सा है.
पैकेजिंग मटेरियल की भी होगी जांच
FSSAI अब केवल खाद्य और पेय पदार्थों तक ही सीमित नहीं रहना चाहता. राजित पुनहानी ने बताया कि नियामक जल्द ही खाद्य उत्पादों में इस्तेमाल होने वाली पैकेजिंग सामग्री की भी जांच शुरू करेगा. पिछले एक साल में दूध, मांस, अंडे, अनाज, एनर्जी ड्रिंक और मीठे पेय पदार्थों की जांच की जा चुकी है. इसके अलावा, कंपनियों को भ्रामक विज्ञापनों और उत्पादों के लेबल पर गलत दावे करने से बचने की चेतावनी दी गई है. FSSAI ने कंपनियों को अपने स्तर पर भी नियमित गुणवत्ता जांच की व्यवस्था बनाने की सलाह दी है.
यह भी पढ़ें

One thought on “FSSAI Action On Branded Drinking Water: बिसलेरी के बाद FSSAI की बड़ी तैयारी, देश भर में सभी ब्रांडेड पैकेजिंग वाटर की होगी जांच”