- लखनऊ : Azam Khan in Manifesto समाजवादी पार्टी के नेता आजम खां ने योगी सरकार पर निशाना साधा है. सपा का घोषणा पत्र जारी होने से पहले उन्होंने मीडिया को संबोधित किया. आजम खां ने कहा उनके साथ जिस तरह से जुल्म किये गये, उनके बारे में बताया नहीं जा सकता. सपा नेता ने कहा कि, हम बड़े सख्त जान थे, जो आपके सामने जिंदा खड़े हैं. उन्होंने कहा कि, साढ़ें पांच साल तक जेल में रहने के बाद दिल दिमाग पर असर पड़ा है.
नेता जी के साथ 50 साल रहा
आजम खां ने कहा कि हम नफरत, घृणा के दौर से गुजरे. 50 साल नेता जी के साथ रहा अब अखिलेश के साथ हूं. सपा के घोषणा पत्र पर आजम खान ने कहा कि यह महज मैनिफेस्टो नहीं है और न आसमानी किताब कि, जो लिख दिया बस वही होगा. जो नहीं लिखा है वह भी होगा.
आजम खान ने कहा कि मुझ पर जितने ज़ुल्म हुए हैं, कोई कमज़ोर इंसान होता, तो वह मर जाता. मैंने आधी सदी नेता जी के साथ गुज़ारी है. आपके सामने आधा जिंदा इंसान हूं.
सपा का खेल बिगाड़ना चाहते हैं
ओवैसी और चंद्रशेखर के गठबंधन पर आजम खां ने कहा कि कुछ लोग सपा का खेल बिगाड़ना चाहते हैं. हम वोट कटवा नहीं, वोट जुड़वा हैं. सपा नेता ने ओवैसी पर कहा कि कुछ लोग हमारी सरकार बनाने से रोकना चाहते हैं. वो न खुद सरकार बना सकते हैं और न ही बनवा सकते हैं. वो दूसरों की सरकार बनने से रोकते हैं.
‘एक वक्त लगा बाप-बेटे का एनकाउंटर हो जाएगा’
आजम खां ने कहा कि वह जेल से रिहा हुए, लेकिन ईडी ने उन्हें फिर से गिरफ्तार कर लिया. उन्होंने आरोप लगाया कि उनके साथ बहुत जुल्म हुए हैं और इतना बुरा व्यवहार किया गया, जितना अंग्रेजों ने भी लोगों के साथ नहीं किया होगा. आजम खान ने कहा कि उन्हें तिल-तिल कर मारा गया. एक वक्त ऐसा लगा कि बाप-बेटे दोनों का एनकाउंटर कर दिया जाएगा. हमें अलग-अलग गाड़ियों में ले जाया गया. उस दौरान मैं बेटे के पास जाकर बोला कि हो सकता है कि अब हम दोबारा न मिल पाएं.
यह भी पढ़ें

One thought on “Azam Khan in Manifesto : सपा के घोषणा पत्र कार्यक्रम में बोले आजम खां, “एक वक्त लगा कि बाप-बेटे का एनकाउंटर हो जाएगा””