एंटरटेंमेन्ट डेस्क : Ramayan At Oscar Awards निर्देशक नितेश तिवारी की फिल्म रामायण भारत में ही नहीं, बल्कि सात समदंर पार भी खूब चर्चा बटोर रही है. फिल्म के भव्य दृश्य, और विजुअल इफेक्ट्स लोगों के सम्मोहित कर रहे हैं. फिल्म अन्तराष्ट्रीय मंच पर भी अपना प्रभाव छोड़ रही है. 32वें क्रिटिक्स च्वाइस अवार्ड में दो कैटेगरी में एंट्री के बाद फिल्म एकेडमी अवॉर्ड्स की दहलीज तक पहुंच गई है.
रिपोर्ट्स के मुताबिक, रामायण ने 99वें ऑस्कर अवार्ड्स की विजुअल कैटेगरी में टॉप 20 फिल्मों की सूची में जगह बना ली है. हालांकि, इस तरह की सूची को सार्वजनिक नहीं किया जाता.
ऑस्कर की विजुअल इफेक्ट्स रेस में ‘रामायण’
वैरायटी की रिपोर्ट के अनुसार, एकेडमी की विजुअल इफेक्ट्स ब्रांच ने उन 20 फिल्मों के निर्माताओं को सूचना दी है, जो अगले चरण की वोटिंग के लिए आगे बढ़ी हैं. इसके बाद प्रकाशन ने संबंधित फिल्म निर्माताओं से संपर्क कर इस जानकारी की पुष्टि की. इसी रिपोर्ट में ‘रामायण’ का नाम भी शामिल है. अगर फिल्म आगे चलकर आधिकारिक शॉर्टलिस्ट और फिर नॉमिनेशन तक पहुंचती है तो यह भारतीय सिनेमा के लिए बड़ी उपलब्धि होगी.
हॉलीवुड की बड़ी फिल्मों से होगी टक्कर
इस कैटेगरी में ‘रामायण’ का मुकाबला हॉलीवुड की कई बड़ी और चर्चित फिल्मों से है. इनमें क्रिस्टोफर नोलन की ‘द ओडिसी’, डेनिस विलेन्यूव की ‘ड्यून: पार्ट थ्री’, स्टीवन स्पीलबर्ग की ‘डिस्क्लोजर डे’, ‘एवेंजर्स: डूम्सडे’, ‘स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे’ और ‘सुपरगर्ल’ जैसी फिल्में शामिल हैं. इसके अलावा ‘बैक रूम्स’, ‘डिगर’, ‘गॉडजिला माइनस जीरो’, ‘प्रोजेक्ट हेल मैरी’, ‘मोआना’ और ‘जुमांजी: ओपन वर्ल्ड’ भी इस रेस का हिस्सा बताई जा रही हैं.
‘आरआरआर’ भी पहुंची थी टॉप 20 तक
भारतीय सिनेमा के लिए यह पहला मौका नहीं है, जब किसी फिल्म ने ऑस्कर की विजुअल इफेक्ट्स कैटेगरी में टॉप 20 तक जगह बनाई हो. इससे पहले एसएस राजामौली की फिल्म ‘आरआरआर’ भी इस सूची में शामिल हुई थी. हालांकि, फिल्म अंतिम नॉमिनेशन तक नहीं पहुंच सकी थी. इसके बावजूद फिल्म ने 95वें एकेडमी अवॉर्ड्स में इतिहास रचते हुए अपने गाने ‘नाटू नाटू’ के लिए बेस्ट ओरिजिनल सॉन्ग का ऑस्कर जीता था.

One thought on “Ramayan At Oscar Awards: ‘रामायण’ ने ऑस्कर अवार्ड्स के लिए दी दस्तक, इस कैटेगरी में टॉप 20 में शॉर्टलिस्ट”