एजेंसी : Rahul Gandhi in US कांग्रेस सांसद अमेरिकी दौरे पर हैं और उनके बयान पर देश में सियासी माहौल गर्म हो गया है. इस बार उन्होंने वैश्विक स्तर पर भारत को साइड प्लेयर बता दिया. वहीं, पाकिस्तान को अन्तराष्ट्रीय मंचों पर बातचीत में व्यस्त बताया. राहुल गांधी ने कहा कि, भारत ने वैश्विक चर्चाओं को स्वतंत्र रूप से दिशा देने की अपनी क्षमता खो दी है. उनके इस बयान पर कड़ी प्रतिक्रियाएं सामने आ रही है.
यूनिवर्सिटी ऑफ शिकागो में बोलते हुए राहुल ने कहा कि भारत ने पारंपरिक रूप से अंतरराष्ट्रीय संबंधों में एक स्वतंत्र दृष्टिकोण अपनाया है, जिसमें रणनीतिक साझेदारियों के साथ-साथ वैश्विक घटनाक्रमों को लेकर एक स्वतंत्र समझ भी शामिल रही है. उन्होंने तर्क दिया कि भारत को महत्वपूर्ण वैश्विक राजनीतिक चर्चाओं से लगातार बाहर रखा जा रहा है.
‘भारत साइड प्लेयर, पाकिस्तान बातचीत में व्यस्त’
राहुल गांधी ने कहा, “भारत की जिओपॉलिटिक्स को लेकर हमेशा से बहुत गहरी और समझदारी भरी सोच रही है. हमारी साझेदारियां थीं, हमारे संबंध थे, लेकिन हमारी अपनी एक स्वतंत्र सोच भी थी. अपने आकार की वजह से वैश्विक स्तर पर भारत की स्वाभाविक रूप से एक अहम आवाज है और उसे वैश्विक चर्चाओं में सक्रिय रूप से शामिल होना चाहिए. लेकिन सच कहूं तो भारत अब एक साइड प्लेयर बनकर रह गया है, जबकि पाकिस्तान ईरान और अमेरिका के साथ बातचीत करने में व्यस्त है.”
‘दोस्ती के सहारे नहीं होती जिओपॉलिटिक्स’
पाकिस्तान के साथ राजनयिक जुड़ाव पर हैरानी जताते हुए उन्होंने सवाल उठाया कि क्या विश्व नेताओं के बीच के व्यक्तिगत संबंध भारत की विदेश नीति का आधार बन सकते हैं. उन्होंने कहा, “पीएम मोदी कहते रहते हैं वह मेरा दोस्त है लेकिन यहां दोस्ती की बात नहीं है और जिओपॉलिटिक्स इस तरह से काम नहीं कर सकती. दोस्ती की परवाह किसे है? क्या आपको सच में लगता है कि जिओपॉलिटिक्स इसलिए काम करेगी क्योंकि वह व्यक्ति आपका दोस्त है?”
यह भी पढ़ें
