Chath Puja Sandhya Arghya

Chath Puja 2026: छठ पूजा के महापर्व में संध्या अर्घ्य का महत्व क्या है, तारीख-पूजा विधि यहां सब जानिए

Chath Puja 2026 देश में अभी दिवाली का त्यौहार बीता है, और वहीं, छठ का महापर्व शुक्रवार से शुरू हो रहा है. नहाय खाय के साथ छठ पूजा चार दिन तक चलेगी. यह व्रत मुख्य रूप से बिहार और उत्तर प्रदेश में बड़ी धूमधम से मनाया जाता है. चार दिन तक चलने वाले इस पर्व के हर दिन का अपना अलग महत्व है. नहाय खाय, खरना के बाद तीसरे दिन संध्या अर्घ्य का विशेष महत्व है. इस दिन व्रती डूबते सूर्य को अर्घ्य देकर सूर्य देव और छठी मैया की पूजा करते हैं.

इस दौरान घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती है और ठेकुआ, फल, नारियल व गन्ने से सजे सूप के साथ विधि-विधान से पूजा की जाती है. हम आपको इस लेख के माध्यम से संध्या अर्घ्य का समय, पूजा विधि और इसका धार्मिक महत्व बताते हैं.

संध्या अर्घ्य की तारीख

नहाय-खाय और खरना के बाद तीसरे दिन संध्या अर्घ्य दिया जाता है. इस साल यह अनुष्ठान 15 नवंबर, रविवार को होगा. इस दिन व्रती सूर्यास्त के समय जल में खड़े होकर सूर्य देव को अर्घ्य अर्पित करेंगे. इसके अगले दिन 16 नवंबर, सोमवार को उगते सूर्य को उषा अर्घ्य दिया जाएगा. इसके साथ ही चार दिवसीय छठ महापर्व का समापन होगा.

संध्या अर्घ्य की पूजा विधि

संध्या अर्घ्य के दिन व्रती स्नान करके स्वच्छ कपड़े पहनते हैं. इसके बाद बांस के सूप और दउरा में ठेकुआ, फल, नारियल, गन्ना और अन्य पूजन सामग्री सजाई जाती है. परिवार के सदस्य पूजा का सामान लेकर नदी, तालाब या निर्धारित छठ घाट पर पहुंचते हैं.

सूर्यास्त के समय व्रती पानी में खड़े होकर सूर्य देव को जल और दूध अर्पित करते हैं. इस दौरान सूर्य देव और छठी मैया की पूजा की जाती है और परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली तथा मंगल की कामना की जाती है. घाटों पर छठी मैया के पारंपरिक गीत गाए जाते हैं और पूरी श्रद्धा के साथ पूजा की जाती है.

संध्या अर्घ्य का धार्मिक महत्व

छठ पूजा में डूबते सूर्य को अर्घ्य देना कृतज्ञता और श्रद्धा का प्रतीक माना जाता है. सूर्य देव को जीवन, प्रकाश और ऊर्जा का आधार मानकर उनकी उपासना की जाती है. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, संध्या अर्घ्य में सूर्य देव के साथ सांध्यकाल की अधिष्ठात्री देवी प्रत्यूषा की भी उपासना की जाती है. छठ पूजा में डूबते सूर्य को अर्घ्य देने के बाद अगले दिन उगते सूर्य की आराधना की जाती है. इस तरह यह पर्व श्रद्धालुओं को आस्था, अनुशासन और नई शुरुआत का संदेश देता है.

सबसे ज़्यादा पढ़े गए

One thought on “Chath Puja 2026: छठ पूजा के महापर्व में संध्या अर्घ्य का महत्व क्या है, तारीख-पूजा विधि यहां सब जानिए”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *