बिजनेस डेस्क : Khan Market of Delhi दिल्ली का खान मार्केट दुनिया के सबसे महंगे खुदरा बाजारों में से एक है. ये 24वें स्थान पर है. खान मार्केट का सलाना किराया 238 डॉलर प्रति वर्ग फुट है. रियल एस्टेट कंसल्टेंट कंपनी कुशमैन एंड वेकफील्ड द्वारा जारी की गई रिपोर्ट में ये जानकारी सामने आई. वहीं, दूसरी ओर न्यूयार्क का अपर फिफ्थ एवेन्यू, लंदन के न्यू बॉन्ड स्ट्रीट को पीछे छोड़कर विश्व का सबसे महंगा प्रमुख खुदरा बाजार बन गया है.
खान मार्केट में 14 प्रतिशत बढ़ा किराया
कंपनी के अनुसार, ”दिल्ली का खान मार्केट दुनिया की सबसे महंगी खुदरा कारोबारी सड़कों में 24वें स्थान पर बरकरार है.” खान मार्केट में खुदरा दुकानों की जगह की मजबूत मांग से किराया सालाना आधार पर 14 प्रतिशत बढ़कर करीब 238 डॉलर प्रति वर्ग फुट (1875 रुपये प्रति वर्ग फुट प्रति माह) हो गया. कुशमैन एंड वेकफील्ड की रिपोर्ट ‘मेन स्ट्रीट्स अक्रॉस द वर्ल्ड 2026’ का ये 36वां संस्करण है. इसमें दुनिया के 147 प्रमुख खुदरा बाजारों में प्रमुख किराये का आकलन किया गया है.
न्यूयॉर्क का अपर फिफ्थ एवेन्यू सबसे महंगा खुदरा बाजार
रिपोर्ट के मुताबिक, न्यूयॉर्क का अपर फिफ्थ एवेन्यू दुनिया की सबसे महंगी खुदरा कारोबारी सड़क के रूप में फिर टॉप पर पहुंच गया है. यहां सालाना किराया 35 प्रतिशत बढ़कर 2700 डॉलर प्रति वर्ग फुट हो गया. साल 2025 में ये तीसरे स्थान पर था. लंदन का न्यू बॉन्ड स्ट्रीट 2230 डॉलर प्रति वर्ग फुट सालाना किराये के साथ दूसरे स्थान पर रहा.
इसके बाद मिलान का विया मोंटेनापोलियोने 2160 डॉलर प्रति वर्ग फुट किराये के साथ तीसरे स्थान पर रहा. बीते सालों में किराये में भारी बढ़ोतरी के बाद इन दोनों बाजारों में बीते साल किराया स्थिर रहा.
यह भी पढ़ें
