पणजी : CJP Protest in Goa कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के विरोध प्रदर्शन में हिंदू विरोध नारे लगाये जाने की खबर है. 11 अक्टूबर को पणजी में हुए प्रदर्शन में “हिंदुत्व मुर्दाबाद” के नारे लगाये गये हैं. गोवा पुलिस ने इस मामले में 300 अज्ञात प्रदर्शकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है. आरोप है कि, हिंदू समुदाय की भावनाएं आहत हुई हैं, साथ ही धार्मिक सद्भाव बिगाड़ने की कोशिश की गई है.
सीएम ने दिए जांच के आदेश
पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), 2023 की धारा 196 और 299 के तहत मामला दर्ज किया है. यह प्रदर्शन मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर आयोजित किया गया था. वहीं, इससे पहले गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने कहा था कि मामले की जांच की जा रही है और राज्य में सांप्रदायिक सद्भाव बिगाड़ने की कोशिशों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
प्रदर्शन में लगे हिंदुत्व मुर्दाबाद के नारे
पणजी पुलिस निरीक्षक विजयकुमार चोडनकर ने बताया कि 11 अक्टूबर को पणजी में आयोजित सार्वजनिक प्रदर्शन के दौरान सीजेपी नेताओं और समर्थकों ने कथित तौर पर ‘मुर्दाबाद, मुर्दाबाद, हिंदुत्व मुर्दाबाद’ जैसे नारे लगाए. पुलिस के अनुसार, इन नारों के जरिए धार्मिक वैमनस्य को बढ़ावा देने और हिंदू समुदाय की धार्मिक भावनाओं को जानबूझकर आहत करने का आरोप है.
धारा 196 और 299 के तहत केस दर्ज
इसी आधार पर पुलिस ने बीएनएन की धारा 196 और 299 के तहत केस दर्ज कर लिया है. धारा 196 धार्मिक समूहों के बीच वैमनस्य को बढ़ावा देने से संबंधित है, जबकि धारा 299 जानबूझकर और दुर्भावनापूर्ण तरीके से किसी वर्ग की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने से संबंधित है.
तालेगांव निवासी ने दर्ज कराई शिकायत
इस मामले में तालेगांव निवासी रामप्रसाद केलकर ने शिकायत दर्ज कराई. उन्होंने अपनी शिकायत में 11 अक्टूबर के प्रदर्शन का सोशल मीडिया पर प्रसारित एक वीडियो देखने का जिक्र किया है. केलकर के मुताबिक, सीजेपी के सदस्यों ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन आयोजित किया था. प्रदर्शन में देशभर में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान कथित गड़बड़ियों और मतदाता सूची से नाम हटाए जाने का मुद्दा उठाते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग की गई थी. शिकायतकर्ता ने कहा कि स्थानीय समाचार रिपोर्टों के माध्यम से उन्हें यह भी जानकारी मिली कि सीजेपी की एक महिला संयोजक ने प्रदर्शन की अनुमति के लिए उत्तरी गोवा के कलेक्टर के समक्ष आवेदन किया था, लेकिन उसे खारिज कर दिया गया था.
यह भी पढ़ें
Kolkata Stampede: हादसे के पीछे सामने आई ये वजह, पुलिस ने सबूत जुटाकर किया दावा

One thought on “CJP Protest in Goa सीजेपी के प्रदर्शन में लगे हिंदू विरोधी नारे, पुलिस ने 300 लोगों के खिलाफ दर्ज की FIR”