एजेंसी : CM Yogi SP Road Show गोरखपुर में हुए सपा मुखिया अखिलेश यादव के रोड शो के दौरान एक किशोर की मौत पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सख्त नाराज है. उन्होंने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि, प्रदेश की सड़कें जनता के आने जाने के लिए हैं, न कि राजनीतिक दलों की गुंडागर्दी के लिए. सीएम योगी ने प्रशासन को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि, दोषियों को ढूंढकर ऐसी सख्त सजा दी जाए कि, पीढ़ियां याद रखें. उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि, अगर दोबारा ऐसी कोशिश हुई तो ऐसे लोगों को मिट्टी में मिलाने में देर नहीं लगेगी.
सपा के रोड शो में किशोर की मौत पर भड़के योगी
गोरखपुर में एक कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को हुए समाजवादी पार्टी के रोड शो का जिक्र किया. उन्होंने कहा कि रोड शो के दौरान एक नाबालिग लड़के को इसका शिकार बना दिया गया. सीएम ने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी की पहचान गुंडागर्दी, दंगे, अराजकता और कर्फ्यू से रही है. उन्होंने कहा कि माफिया समाजवादी पार्टी के सगे हैं और इस पार्टी ने हमेशा जनता के साथ धोखा किया है.
‘ऐसी सजा दो, कई पीढ़ियां याद रखें’
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को साफ निर्देश दिया कि बुधवार को सड़कों पर अराजकता फैलाने वाले लोगों को चिह्नित किया जाए. उन्होंने कहा, “हमने अधिकारियों से कहा है कि गुंडों को ढूंढ़ निकालो और ऐसी सजा मिलनी चाहिए कि कई पीढ़ियां याद रख सकें.” सीएम ने कहा कि प्रदेश की सड़कें आम जनमानस के सुगम आवागमन के लिए बनी हैं, न कि सपा और कांग्रेस के गुंडों की अराजकता के लिए. उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर किसी ने दोबारा माफियागिरी दिखाने का दुस्साहस किया तो उस माफिया को मिट्टी में मिलाने में देर नहीं लगेगी.
पीड़ित परिवार से मुलाकात करेंगे योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना पर संवेदना जताते हुए पीड़ित परिवार से मिलने की घोषणा की. उन्होंने प्रशासन को दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए. इस घटना को लेकर मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी की कार्यशैली पर सवाल उठाए और प्रदेश में किसी भी तरह की अराजकता बर्दाश्त नहीं करने का संदेश दिया.
यह भी पढ़ें

One thought on “CM Yogi on SP Road Show: सपा के रोड शो में किशोर की मौत पर नाराज हुए सीएम योगी, कहा- “सड़कों पर गुंडागर्दी की तो ऐसी सजा देंगे पीढ़ियां याद रखेंगींं””