chath nahay khay 2026

Chath Mahaparv 2026: नहाय खाय के साथ छठ महापर्व शुरू, किस दिन और कब दें सूर्य को अर्घ्य, पढ़ें पूरी जानकारी

Chath Mahaparv 2026 देश में आज से महापर्व छठ शुरू हो रहा है. चार दिन चलने वाला पवित्र पर्व नहाय-खाय के साथ आरंभ हो जाएगा. पर्व की रौनक छठ मइया की गीतों से बढ़ जाती है. नदी, तालाबों का सुंदरीकरण किया जा रहा है. घाटों पर साफ सफाई कर वेदियों को सजाया जा रहा है.

आज 13 नवंबर से नहाय-खाय है. पहला अर्घ्य रविवार को डूबते सूर्य को दिया जाएगा. 16 नवंबर को उदीयमान सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा.

शुक्रवार को नहाय-खाय

शुक्रवार को नहाय-खाय पर कद्दू भात बनेगा. व्रती सुबह स्नान कर भगवान सूर्य को नमन करेंगे. इसके बाद घरों में शुद्धता और पवित्रता के साथ सात्विक भोजन तैयार किया जाएगा. इस दिन कद्दू-भात का विशेष महत्व है.

व्रती प्रसाद ग्रहण कर चार दिवसीय अनुष्ठान की शुरुआत करेंगे. पर्व को लेकर घरों की साफ-सफाई के साथ पूजन सामग्री की खरीदारी भी की जा रही है. गेहूं को धोकर धूप में सुखाने की पारंपरिक प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है.

परंपरा के अनुसार कद्दू की सब्जी, चने की दाल और अरवा चावल का प्रसाद बनाया जाता है. व्रती पहले स्वयं प्रसाद ग्रहण करते हैं, इसके बाद परिवार के अन्य सदस्य भोजन करते हैं. इसी दिन से घर में पवित्रता और संयम के विशेष नियमों का पालन शुरू हो जाता है.

गुड़ की खीर, गेहूं की रोटी का प्रसाद

दूसरे दिन व्रती पूरे दिन उपवास रखते हैं. संध्या समय स्नान कर भगवान सूर्य और छठी मैया की पूजा-अर्चना की जाती है. इसके बाद गुड़ की खीर, गेहूं की रोटी और अन्य सात्त्विक पकवानों का भोग लगाया जाता है. व्रती प्रसाद ग्रहण कर परिवार एवं श्रद्धालुओं में वितरित करते हैं. खरना के बाद लगभग 36 घंटे का निर्जला उपवास प्रारंभ होता है.

अस्ताचलगामी भगवान सूर्य को अर्घ्य

तीसरे दिन ठेकुआ, चावल के लड्डू तथा अन्य पारंपरिक प्रसाद तैयार किए जाते हैं. बांस के सूप और डलिया में नारियल, केला, गन्ना, सेब, संतरा तथा विभिन्न मौसमी फल सजाए जाते हैं. संध्या समय व्रती परिवार सहित नदी, तालाब और छठ घाटों पर पहुंचकर जल में खड़े होकर अस्ताचलगामी भगवान सूर्य को दूध एवं जल से अर्घ्य अर्पित करता है.

उगते हुए सूर्य को अर्घ्य

अंतिम दिन प्रातःकाल व्रती पुनः छठ घाटों पर पहुंचते हैं और उदीयमान भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करते हैं. परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की दीर्घायु, आरोग्य और उज्ज्वल भविष्य की कामना की जाती है. कुछ लोग स्वर्णरेखा नदी तो कुछ अपने घर पर ही कृत्रिम कुंड बनाकर सूर्य को अर्घ्य देते हैं.

क्या है समय

पंडित और धर्म गुरुओं ने समय का महत्व बताया. 15 नवंबर रविवार को सूर्यास्त 5.24 मिनट पर है. इस दिन पहला अर्घ्य दिया जाएगा. शाम को लोग कथा सुनते हैं. अगले दिन 6.36 पर सूर्योदय होगा. उगते सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा. इस तरह सोमवार को चार दिवसीय छठ पर्व का समापन हो जाएगा.

सबसे ज़्यादा पढ़े गए

One thought on “Chath Mahaparv 2026: नहाय खाय के साथ छठ महापर्व शुरू, किस दिन और कब दें सूर्य को अर्घ्य, पढ़ें पूरी जानकारी”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *