डेस्क : Kolkata Stampede कोलकाता में भगदड़ की घटना के बाद लगातार सवाल उठ रहे हैं, कि आखिर ऐसा क्या हुआ जिसकी वजह से अचानक भीड़ में अफरा तफरी मची. उत्तरी कोलकाता के चोरबागान पूजा पंडाल में 19 लोगों की मौत ने शहर को झकझोर कर रख दिया है. किसी ने बेटा, किसी ने मां को खोया, ये हादसा जीवन भर का दुख दे गया. इस मामले में पुलिस ने पूजा कमेटी के सचिव और उपाध्यक्ष समेत 7 लोगों को गिरफ्तार किया है. अब इस दर्दनाक हादसे के पीछे एनाउंसमेंट की बात सामने आ रही है.
गलत एनाउंसमेंट
कोलकाता के एक सीनियर पुलिस ऑफिसर ने रविवार को बताया कि उत्तर कोलकाता के चोरबागान दुर्गा पूजा पंडाल में भगदड़ मचने की वजह अचानक हुई बारिश, भीड़ को ठीक से नहीं संभाल पाना और गलत एनाउंसमेंट हो सकती है. अधिकारी के मुताबिक, घटनास्थल से मिले सबूतों, स्थानीय लोगों और चश्मदीदों के बयान से पता चलता है कि शनिवार शाम को पंडाल में भीड़ को सही तरीके से नियंत्रित नहीं किया गया. इससे भगदड़ की स्थिति पैदा हो गई.
इस घोषणा से मची भगदड़!
हादसे की प्रत्यक्षदर्शी एक महिला ने बताया कि, जब पंडाल में भीड़ बढ़ने लगी तो एनाउंसमेंट की गई कि इतनी भीड़ होने से पंडाल गिर सकता है. महिला का दावा है कि इस घोषणा को सुनकर लोग घबरा गए और भगदड़ जैसी स्थिति हो गई. वहीं पुलिस के मुताबिक, “हमने पूजा आयोजकों की बड़ी लापरवाही के कई सबूत जुटाए हैं.
भीड़ को नियंत्रित करने की कोई योजना नहीं
इतनी बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ को संभालने के लिए कोई ठोस प्लानिंग नहीं बनाई गई थी. हमने सीसीटीवी कैमरों की फुटेज जुटाई है और स्थानीय लोगों व चश्मदीदों के बयान दर्ज किए हैं. इनसे हमारी बातों की पुष्टि हुई है. मौके पर सुरक्षा कर्मियों की संख्या भी काफी कम थी.”
पुलिस ने दी ये जानकारी
पुलिस अधिकारी ने कहा, “हमारे पास एक वीडियो फुटेज है, जिसमें घोषणा करते हुए लोगों से पंडाल खाली करने को कहा गया था. एनाउंसमेंट में बताया गया था कि पंडाल का हिस्सा गिर सकता है. हम यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि यह एनाउंसमेंट किसने की और इसके पीछे क्या वजह थी.” स्थानीय लोगों ने भी आरोप लगाया कि पंडाल में पुलिसकर्मियों की तैनाती पर्याप्त नहीं थी.

One thought on “Kolkata Stampede: हादसे के पीछे सामने आई ये वजह, पुलिस ने सबूत जुटाकर किया दावा”