स्पोर्ट्स डेस्क : Under-19 Asia Cup Final अंडर-19 एशिया कप का फाइनल मैच लंबे वक्त तक याद रखा जाएगा. भारत के जांबाज युवा खिलाड़ियों ने हार ना मानते हुए पाकिस्तान के जबड़े से जीत छीन ली. एक वक्त था जब टीम इंडिया के 8 विकेट गिर चुके थे, 29 रन बनाने थे, हार तय थी, लेकिन मोहित उलवा ने अविश्वसनीय पारी खेलकर भारत को अंडर-19 एशिया कप का चैंपियन बना दिया. भारत ने पाकिस्तान को एक विकेट से हराकर रिकॉर्ड नौवीं बार इस ट्रॉफी पर कब्जा कर लिया.
पाकिस्तान के मजबूत 338 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत की शुरुआत अच्छी हुई थी, लेकिन मिडिल आर्डर के बिखर जाने से हार का खतरा मंडराने लगा था.
एक वक्त हार तय लग रही थी
भारत का 8वां विकेट 252 के स्कोर पर गिर गया था, इसके बाद जीत के लिए 86 रन और बनाने थे लेकिन सिर्फ 2 विकेट हाथ में थे. तब मैनाल चौहान और मोहित उलवा के बीच नौवें विकेट के लिए 57 रनों की साझेदारी हुई, ये टर्निंग प्वाइंट साबित हुआ.
हालांकि इस जोड़ी के टूटने के बाद भारतीय फैंस की सांसे एक बार फिर रुक गई थी, क्योंकि अब 1 विकेट हाथ में था और 29 रन और चाहिए थे. पाकिस्तान जीत के बेहद करीब था, सिर्फ 1 विकेट दूर. लेकिन मोहित उलवा की शानदार पारी से भारत इस मुकाबले को जीत गया.
आखिरी गेंद में चाहिए थे 3 रन
भारत को जीत के लिए 12 गेंदों में 25 रन चाहिए थे, सिर्फ 1 विकेट बचा था इसलिए दबाव टीम इंडिया पर ज्यादा था. मोहित उलवा ने 49वें ओवर में 2 चौके और 1 छक्का जड़ा, इस ओवर में कुल 17 रन आए. अब 6 गेंदों में 8 रन चाहिए थे. पाकिस्तान के लिए आखिरी ओवर अहमद हुसैन ने डाला, जिन्होंने पहली गेंद डॉट डाली और दूसरी वाइड हो गई. इसके बाद अगली 4 गेंदों पर 4 सिंगल. अब जीत के लिए आखिरी गेंद पर 3 रन चाहिए थे, ड्रा के लिए भी 2 चाहिए थे. मोहित ने चौका मारकर भारत को जीत तक पहुंचाया.
आर्यवीर और रैचंदानी ने दिलाई थी अच्छी शुरुआत
338 रनों के बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय ओपनर लक्ष्या रैचंदानी और आर्यवीर सहवाग ने अच्छी शुरुआत दिलाई थी, दोनों ने पहले विकेट लिए 95 रन जोड़े थे. आर्यवीर 58 बनाकर आउट हुए थे. कप्तान ने 80 रनों की शानदार पारी खेली. हालांकि मिडिल आर्डर बल्लेबाजों के खराब प्रदर्शन से टीम इंडिया पर दबाव बन गया था.
यह भी पढ़ें

One thought on “Under-19 Asia Cup Final: हारे हुए मैच को जिताकर मोहित बने बाजीगर, अंडर-19 एशिया कप में टीम इंडिया की यादगार जीत”