नई दिल्ली: दुबई से तेल अवीव जा रही Flydubai Flight FZ1073 में कॉकपिट के अंदर हुए हमले की जांच अब दो स्तरों पर आगे बढ़ रही है। रिपोर्टों के मुताबिक, विमान में पायलट पर हमला करने वाले ओमानी को-पायलट से सऊदी अरब में शुरुआती पूछताछ की जा रही है। इसके बाद उसे संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के अधिकारियों को सौंपे जाने की संभावना है, जहां मामले की आगे जांच होगी।
इसी बीच UAE के न्यायिक अधिकारियों ने भी मामले की व्यापक जांच शुरू कर दी है। UAE के अटॉर्नी जनरल काउंसलर डॉ. हमद अल शम्सी ने घटना के कारणों और संभावित मकसद की जांच के लिए लोक अभियोजन की एक विशेष टीम गठित करने का निर्देश दिया है। जांच में यह भी देखा जा रहा है कि घटना के पीछे कोई पूर्व योजना या आतंकवादी गतिविधि से जुड़ा पहलू था या नहीं। हालांकि, जांच पूरी होने से पहले किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।
पहले सऊदी अरब में पूछताछ, फिर UAE में जांच
The Times of Israel ने एक इजरायली अधिकारी के हवाले से बताया है कि सऊदी अरब में शुरुआती जांच पूरी होने के बाद संदिग्ध को UAE अधिकारियों को सौंपा जाएगा। इजरायली अधिकारियों को उम्मीद है कि UAE में होने वाली जांच से घटना की परिस्थितियों और संभावित मकसद को लेकर ज्यादा जानकारी सामने आ सकती है। वहीं UAE ने साफ किया है कि विमान उसके यहां पंजीकृत है और UAE के राष्ट्रीय ध्वज के तहत संचालित होता है। इसलिए विमान में हुए अपराधों की जांच को लेकर UAE के न्यायिक अधिकारियों ने अपने अधिकार क्षेत्र का दावा किया है, भले ही घटना UAE के हवाई क्षेत्र के बाहर हुई हो।
कॉकपिट में आखिर हुआ क्या था?
30 सितंबर को Flydubai की फ्लाइट FZ1073 दुबई से तेल अवीव के लिए रवाना हुई थी। उड़ान के दौरान कॉकपिट में दोनों पायलटों के बीच कथित तौर पर झड़प हुई। आरोप है कि ओमानी को-पायलट ने भारतीय मूल के कप्तान स्मित मच्छर पर चाकू से हमला किया और विमान का नियंत्रण लेने की कोशिश की। गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद कैप्टन स्मित ने कॉकपिट का दरवाजा खोलने में कामयाबी हासिल की। इसके बाद विमान में मौजूद यात्रियों और अन्य लोगों ने हस्तक्षेप किया। विमान को सऊदी अरब के तबूक एयरपोर्ट की ओर मोड़ा गया, जहां उसकी सुरक्षित लैंडिंग कराई गई। कैप्टन स्मित को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। रिपोर्टों के मुताबिक, विमान में मौजूद दो ऑफ-ड्यूटी पायलटों ने भी कॉकपिट संभालने में मदद की।
PM मोदी ने कैप्टन स्मित की बहादुरी को सराहा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कैप्टन स्मित मच्छर की बहादुरी की सराहना की है। प्रधानमंत्री ने कहा कि गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद उन्होंने धैर्य और साहस का परिचय दिया और बड़ी त्रासदी को टालने में मदद की। प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से भी कैप्टन की बहादुरी को लेकर संदेश जारी किया गया है। प्रधानमंत्री ने बताया कि उन्होंने कैप्टन स्मित के पिता भूपेंद्रभाई, मां गीताबेन और पत्नी सोनलबेन से भी बातचीत की और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली।
13 साल से ज्यादा का उड़ान अनुभव
कैप्टन स्मित मच्छर के पास कमर्शियल एविएशन का लंबा अनुभव है। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक उन्होंने करीब 13 साल से अधिक समय विमान उड़ाए हैं और लगभग 9,750 घंटे की उड़ान का अनुभव रखते हैं। उनका ज्यादातर अनुभव Boeing 737 विमानों से जुड़ा रहा है। Flydubai से पहले वह करीब 11 साल तक SpiceJet में रहे थे, जहां उन्होंने लाइन ट्रेनिंग कैप्टन के तौर पर भी जिम्मेदारी संभाली।
क्या आतंकी साजिश थी? जांच के बाद होगा साफ
घटना के बाद इजरायल में इसे संभावित आतंकी हमले के तौर पर देखे जाने की रिपोर्टें सामने आई हैं। हालांकि, जांच एजेंसियों की ओर से अभी तक ऐसा अंतिम निष्कर्ष सार्वजनिक नहीं किया गया है। इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने भी कहा है कि हमले के पीछे की पूरी पृष्ठभूमि और किसी संभावित बाहरी कनेक्शन के बारे में अभी कहना जल्दबाजी होगी। अब जांच का फोकस इस बात पर है कि कॉकपिट में हमला क्यों हुआ, क्या इसकी पहले से कोई योजना थी और आरोपी का वास्तविक मकसद क्या था। सऊदी अरब की शुरुआती जांच के बाद UAE की जांच से इन सवालों के जवाब मिलने की उम्मीद है।
