Amit Shah Telangana Visit

4 अक्टूबर को करीमनगर पहुंचेंगे अमित शाह, मेडिकल कॉलेज के सिल्वर जुबली समारोह में होंगे शामिल; जानें पूरा कार्यक्रम

Amit Shah Telangana Visit: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 4 अक्टूबर को तेलंगाना के करीमनगर पहुंचेंगे। यहां वह प्रथिमा इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज के सिल्वर जुबली समारोह में शामिल होंगे। इस दौरान वह संस्थान की 25वीं वर्षगांठ के कार्यक्रम में हिस्सा लेने के साथ कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में शामिल होंगे।

 

अमित शाह प्रथिमा डीम्ड यूनिवर्सिटी भवन की आधारशिला रखेंगे। इसके अलावा वह सिल्वर जुबली के पायलन का अनावरण और फोटो प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगे। कार्यक्रम में छात्रों से संवाद भी प्रस्तावित है, जिसके बाद वह समारोह को संबोधित करेंगे।

दौरे से पहले तैयारियों का जायजा

अमित शाह के दौरे को लेकर केंद्रीय गृह राज्य मंत्री बंदी संजय कुमार ने प्रथिमा मेडिकल कॉलेज पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने हेलिपैड, कॉलेज परिसर, पायलन अनावरण स्थल, डीम्ड यूनिवर्सिटी भवन के शिलान्यास स्थल, फोटो प्रदर्शनी और छात्र संवाद कार्यक्रम के स्थान का निरीक्षण किया। बंदी संजय कुमार ने शहर के पुलिस आयुक्त और प्रथिमा संस्थान के प्रबंधन के साथ भी बैठक की और सुरक्षा एवं कार्यक्रम से जुड़ी व्यवस्थाओं की समीक्षा की।इस दौरान सिटी पुलिस कमिश्नर गौस आलम, मेयर कोलागानी श्रीनिवास, डिप्टी मेयर सुनील राव, बीजेपी जिला अध्यक्ष सायिनी मल्लेशम समेत प्रथिमा प्रबंधन के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

25 साल पहले हुई थी मेडिकल कॉलेज की शुरुआत

मीडिया से बातचीत में बंदी संजय कुमार ने कहा कि प्रथिमा मेडिकल कॉलेज का उद्घाटन 25 साल पहले तत्कालीन केंद्रीय गृह मंत्री एलके आडवाणी, अविभाजित आंध्र प्रदेश के तत्कालीन मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू और तत्कालीन केंद्रीय गृह राज्य मंत्री सीएच विद्यासागर राव की मौजूदगी में हुआ था। उन्होंने कहा कि संस्थान की सिल्वर जुबली के मौके पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का शामिल होना खुशी की बात है।

3 अक्टूबर की रात हैदराबाद पहुंचेंगे शाह

रिपोर्टों के मुताबिक अमित शाह 3 अक्टूबर की रात करीब 9 बजे हैदराबाद के बेगमपेट एयरपोर्ट पहुंचेंगे। इसके बाद वह बेगमपेट स्थित होटल में रात्रि विश्राम करेंगे।
4 अक्टूबर को सुबह करीब 11 बजे वह हेलिकॉप्टर से बेगमपेट से तूफ्रान के लिए रवाना होंगे। मेडक जिले के तूफ्रान में वह उर्जा इंडस्ट्रियल पार्क में साबर डेयरी मिल्क प्लांट से जुड़े कार्यक्रम में शामिल होंगे और परियोजना की आधारशिला रखेंगे। इसके बाद दोपहर में हेलिकॉप्टर से करीमनगर के लिए रवाना होंगे।

दोपहर में करीमनगर पहुंचेगा काफिला

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अमित शाह करीब 2 बजे के बाद करीमनगर स्थित प्रथिमा मेडिकल कॉलेज पहुंचेंगे। यहां सिल्वर जुबली समारोह में शामिल होने के बाद वह करीब 4:30 बजे हेलिकॉप्टर से हैदराबाद के लिए रवाना होंगे। करीमनगर में शाह के कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा और व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। बंदी संजय कुमार के निरीक्षण के बाद स्थानीय प्रशासन और कॉलेज प्रबंधन तैयारियों को पूरा करने में जुटा है।

सबसे ज़्यादा पढ़े गए