Fatima Sana Shaikh

सलमान खान के ट्रोलिंग पर जवाब की फातिमा ने की तारीफ, बोलीं- बड़े लोगों का बोलना असर डालता है

मुंबई: एक्ट्रेस फातिमा सना शेख ने ‘बिग बॉस 20’ में ट्रोलिंग के खिलाफ सलमान खान के रुख की तारीफ की है. ‘हुनकार’ के प्रमोशन के लिए शो में पहुंचीं फातिमा ने कहा कि सलमान जैसे बड़े स्टार का ट्रोलिंग और सामाजिक मुद्दों पर खुलकर बोलना लोगों पर बड़ा प्रभाव डालता है. फातिमा ने सलमान से कहा, “जिस तरीके से आपने इस बार ट्रोल्स को मुंहतोड़ जवाब दिया है, ये बहुत बड़ी बात है कि आपके पोजिशन में कोई मुद्दों पर बात करता है, खड़ा होता है. ये लोगों पर बहुत बड़ा इंपैक्ट देता है.”

सलमान ने ट्रोल्स को दिया जवाब
‘बिग बॉस 20’ के ‘वीकेंड का वार’ एपिसोड में सलमान खान ने अपने बढ़ते वजन और उम्र को लेकर सोशल मीडिया पर हो रही ट्रोलिंग पर खुलकर बात की. ट्रोल्स की ओर से किए गए कमेंट्स पर उन्होंने कहा कि लोगों को किसी के लुक्स और शरीर को लेकर मजाक नहीं उड़ाना चाहिए.

सलमान ने अपनी उम्र को लेकर कहा कि वह 60 साल के हैं और हर वक्त ‘मैंने प्यार किया’ वाले लुक में नहीं रह सकते. उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें पता है कि कौन-कौन उन्हें ट्रोल करता है, लेकिन वह और उनके फैन क्लब ऐसी बातों पर ज्यादा ध्यान नहीं देते.

प्रेग्नेंसी के बाद महिलाओं की ट्रोलिंग पर भी बोले
सलमान ने प्रेग्नेंसी के बाद महिलाओं के वजन को लेकर होने वाली ऑनलाइन ट्रोलिंग पर भी सवाल उठाया. उन्होंने कहा कि गर्भावस्था के बाद वजन बढ़ना सामान्य है और किसी महिला को उसके शरीर के लिए ट्रोल नहीं किया जाना चाहिए. बिना नाम लिए उन्होंने कैटरीना कैफ का बचाव करते हुए कहा कि प्रेग्नेंसी के बाद हर किसी का वजन बढ़ सकता है और महिलाओं को अपने परिवार के साथ समय बिताने का अधिकार है.

Sohail Khan और Varun Dhawan के समर्थन में उतरे
सलमान ने अपने भाई सोहेल खान और अभिनेता वरुण धवन को लेकर होने वाली ट्रोलिंग पर भी नाराजगी जाहिर की. उन्होंने ट्रोल्स से कहा कि दूसरों का मजाक उड़ाने से पहले उन्हें खुद को और अपने शरीर को देखना चाहिए. उन्होंने कहा कि जितनी ट्रोलिंग करनी है कर लें, उन्हें इससे फर्क नहीं पड़ता.

Paparazzi के कैमरा एंगल पर भी उठाया सवाल
सलमान ने अभिनेत्रियों और महिलाओं की तस्वीरें खींचने के तरीके को लेकर पैपराजी पर भी सवाल उठाया. उन्होंने कहा कि कई बार कैमरे महिलाओं के शरीर के ऐसे हिस्सों की तस्वीरें लेते हैं, जो उन्हें पसंद नहीं होते.
सलमान ने कहा कि उनकी अपनी भतीजी के साथ भी ऐसा होता है, जब पीछे से तस्वीर लेकर उसे पहचानने के नाम पर पोस्ट किया जाता है. उन्होंने इसे गलत मानसिकता बताते हुए नाराजगी जताई.
‘बिग बॉस 20’ का प्रीमियर 6 सितंबर को हुआ था.

सबसे ज़्यादा पढ़े गए