लखनऊ: CM Yogi Aditynath on UP Voter List उत्तर प्रदेश विधानसभा के आगामी चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने कमर कस ली है. पार्टी ने मतदाताओं के छूटे हुए नामों को वोटर लिस्ट में शामिल करने के लिए कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया है. शुक्रवार को लखनऊ में बीजेपी की महत्वपूर्ण बैठक हुई. इस बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, दोनों डिप्टी सीएम और प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी शामिल हुए. बैठक में मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SSR) को लेकर रणनीति बनाई गई. इस दौरान सीएम योगी ने नेताओं और कार्यकर्ताओं को अगले एक महीने तक मतदाताओं के नाम जुड़वाने के अभियान में जुटने का निर्देश दिया.
17 नवंबर से शुरू होगा वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने का अभियान
उत्तर प्रदेश में एसआईआर (SIR) के बाद 17 नवंबर से मतदाता सूची का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण यानी SSR शुरू होगा. इसे देखते हुए बीजेपी ने बूथ स्तर पर तैयारियां तेज कर दी हैं. शुक्रवार की बैठक में पार्टी नेताओं ने वोटर लिस्ट की समीक्षा की और छूटे हुए नामों को दोबारा जुड़वाने की योजना बनाई.
बैठक में सभी जिलों के जिलाध्यक्षों को इस काम की जिम्मेदारी समझाई गई. पार्टी ने अगले एक महीने का रोडमैप तैयार किया है. बीजेपी का लक्ष्य है कि जिन लोगों के नाम मतदाता सूची से छूट गए हैं, उन्हें समय रहते दोबारा जुड़वाया जाए.
योगी बोले, ‘एक महीने तक सारा काम छोड़कर वोटर जोड़ने में जुटें’
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बैठक में नेताओं और कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर काम करने की हिदायत दी. उन्होंने कहा कि अगले एक महीने तक सभी कार्यकर्ता वोटर बनाने के अभियान में जुट जाएं. महिला और युवा मतदाताओं पर खास ध्यान दिया जाए.
सीएम का दावा 1.27 करोड़ हिंदू वोटर के नाम कटे
सीएम योगी ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में 1 करोड़ 27 लाख हिंदू मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से कट गए हैं. उन्होंने कार्यकर्ताओं से ऐसे मतदाताओं के नाम ज्यादा से ज्यादा संख्या में दोबारा जुड़वाने की अपील की. योगी ने कहा कि विधानसभा चुनाव से पहले SSR नाम जुड़वाने का आखिरी मौका है. अगर अभी काम नहीं किया तो बाद में पछताना पड़ सकता है.
यह भी पढ़ें

One thought on “CM Yogi Aditynath on UP Voter List : सीएम योगी का कार्यकर्ताओं को निर्देश, “सारा काम छोड़कर वोटरों को जोड़ने के काम में जुटें””