Ayodhya Solar City: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को अयोध्या के विकास को लेकर बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि 2017 से पहले अयोध्या में सड़क, बिजली, सफाई और दूसरी बुनियादी सुविधाओं का अभाव था, लेकिन आज वही अयोध्या देश का नंबर-1 सोलर सिटी बन चुकी है।
योगी ने कहा कि पहले राम की पैड़ी का पानी वहीं ठहर जाता था और सड़ने लगता था। सरकार बनने के बाद सबसे पहले सरयू के पानी के प्रवाह को बेहतर बनाने पर काम किया गया, जिससे अब पानी लगातार बहता रहता है और व्यवस्था पहले से कहीं बेहतर हुई है।
चार लेन सड़कें और बदली शहर की तस्वीर
मुख्यमंत्री ने कहा कि जहां पहले टूटी-फूटी गलियां और गंदगी थी, वहां आज चौड़ी चार लेन सड़कें बन चुकी हैं। शहर में संतों की प्रतिमाएं और मंदिरों का विकास भी हुआ है। उनके मुताबिक, दीपोत्सव और दूसरे विकास कार्यों ने अयोध्या की पहचान बदल दी है।उन्होंने कहा कि जो अयोध्या कभी अंधेरे में रहती थी, आज वही देश की नंबर-1 सोलर सिटी बनकर नई पहचान बना चुकी है।
विपक्ष पर भी साधा निशाना
योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और राष्ट्रीय जनता दल पर भी हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष लगातार संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर करने की कोशिश कर रहा है। विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर विपक्ष के विरोध पर भी उन्होंने सवाल उठाए और कहा कि लोकतांत्रिक संस्थाओं का सम्मान होना चाहिए।
2024 के बाद भी अयोध्या पर फोकस
मुख्यमंत्री का यह बयान ऐसे समय आया है जब 2027 के विधानसभा चुनावों की तैयारी शुरू हो चुकी है। 2022 में भाजपा ने अयोध्या विधानसभा सीट जीती थी, जबकि 2024 के लोकसभा चुनाव में इसी क्षेत्र वाली फैजाबाद सीट पर समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार अवधेश प्रसाद ने जीत दर्ज की थी।
