Amit Shah

अशोक सिंघल की जन्म शताब्दी पर अमित शाह ने किया याद, राम मंदिर आंदोलन में योगदान का जिक्र

नई दिल्ली: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को विश्व हिंदू परिषद (VHP) के पूर्व अंतरराष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष अशोक सिंघल की जन्म शताब्दी वर्ष के उद्घाटन समारोह में उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि अयोध्या में राम जन्मभूमि मंदिर का निर्माण अशोक सिंघल समेत उन सभी लोगों के संघर्ष और बलिदान का परिणाम है, जिन्होंने राम मंदिर आंदोलन में योगदान दिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कहा कि जिस राम जन्मभूमि मंदिर के लिए हिंदू समाज ने लंबे समय तक संघर्ष किया, बलिदान दिया और एकजुट होकर आंदोलन किया, उसका निर्माण आज साकार हो चुका है। उन्होंने कहा कि यह संघर्ष और त्याग अब फलित हुआ है।

16 घंटे काम करते थे अशोक सिंघल
अमित शाह ने अशोक सिंघल के समर्पण को याद करते हुए कहा कि वे उम्र के उस पड़ाव में भी करीब 16 घंटे प्रतिदिन काम करते थे। शाह के मुताबिक, उनके काम के पीछे गहरी देशभक्ति की भावना प्रेरणा का स्रोत थी। उन्होंने कहा कि अशोक सिंघल का जीवन आत्मत्याग, सादगी और राष्ट्रभक्ति जैसे गुणों से समृद्ध था। शाह ने सिंघल के साथ काम करने वाले और उनके विचारों एवं कार्यों से प्रभावित लोगों को भी नमन किया।

PM मोदी ने भी किया अशोक सिंघल को याद
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी रविवार को अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 138वें एपिसोड में अशोक सिंघल को उनकी 100वीं जयंती पर श्रद्धांजलि दी। पीएम मोदी ने कहा कि 27 सितंबर का दिन इस वजह से विशेष है कि इसी दिन 1926 में आगरा में अशोक सिंघल का जन्म हुआ था।

उन्होंने कहा कि सिंघल ने अपना पूरा जीवन संस्कृति, समाज और राष्ट्र के लिए समर्पित कर दिया और समाज के बीच रहते हुए एक संन्यासी की तरह जीवन जिया। प्रधानमंत्री ने राम जन्मभूमि आंदोलन में अशोक सिंघल की भूमिका का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने इस आंदोलन को दिशा और ऊर्जा दी। पीएम मोदी ने कहा कि अयोध्या में आज दिखाई दे रहा भव्य राम मंदिर उस दिशा और ऊर्जा का प्रमाण है।

20 साल से ज्यादा समय तक VHP से जुड़े रहे
अशोक सिंघल विश्व हिंदू परिषद के अंतरराष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष के पद पर 20 वर्षों से अधिक समय तक रहे। राम जन्मभूमि आंदोलन में उनकी प्रमुख भूमिका रही। उनकी जन्म शताब्दी वर्ष के उद्घाटन कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले भी मौजूद रहे।

सबसे ज़्यादा पढ़े गए