नई दिल्ली : Supreme court on Anand Mohan बिहार के पूर्व सांसद व बाहुबली नेता आनंद मोहन को सुप्रीम कोर्ट से बड़ा झटका लगा है. कोर्ट ने साल 1994 में गोपाल गंज के डीएम की हत्या के मामले में समय से पहले रिहाई के खिलाफ दी गई याचिका पर सुनवाई करते हुए बिहार सरकार के 2023 के संशोधन को गैरकानूनी करार दिया.
दोबारा जेल जाने का आदेश
सुप्रीम कोर्ट ने आनंद मोहन को एक महीने के भीतर सरेंडर कर दोबारा जेल जाने का आदेश दिया है. बता दें कि.1994 में गोपालगंज के तत्कालीन जिलाधिकारी जी. कृष्णैया की भीड़ द्वारा हत्या कर दी गई थी. इस मामले में आनंद मोहन को दोषी ठहराते हुए उम्रकैद की सजा सुनाई गई थी.
अप्रैल 2023 में जेल से हुई थी रिहाई
बिहार सरकार ने जेल नियमों में संशोधन कर आनंद मोहन की समय से पहले रिहाई का रास्ता साफ किया था. इसके बाद उन्हें अप्रैल 2023 में जेल से रिहा कर दिया गया था. जी. कृष्णैया की पत्नी उमा देवी कृष्णैया ने आनंद मोहन की रिहाई को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी. उन्होंने अदालत से उनकी रिहाई रद्द कर उन्हें दोबारा जेल भेजने की मांग की थी.
वहीं, आनंद मोहन और बिहार सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में हलफनामा दाखिल कर कहा था कि जेल से उसकी रिहाई का फैसला मनमाना नहीं कहा जा सकता. अब सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद आनंद मोहन को एक महीने के भीतर सरेंडर करना होगा.
जानिए पूरा मामला
इससे पहले, सुप्रीम कोर्ट ने फैसला सुरक्षित रख लिया था. दरअसल, आनंद मोहन को वर्ष 1994 में गोपालगंज के तत्कालीन जिलाधिकारी जी. कृष्णैया की हत्या के मामले में दोषी ठहराया गया था. इस मामले में निचली अदालत ने 5 अक्टूबर 2007 को उन्हें फांसी की सजा सुनाई थी. हालांकि, 10 दिसंबर 2008 को पटना हाई कोर्ट ने उनकी सजा को उम्रकैद में बदल दिया था. जुलाई 2012 में सुप्रीम कोर्ट ने भी हाई कोर्ट के फैसले को बरकरार रखा था.
डीएम कृष्णैया की पत्नी दी थी याचिका
आनंद मोहन की समयपूर्व रिहाई को जी. कृष्णैया की पत्नी उमा देवी कृष्णैया ने सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी. याचिका में बिहार सरकार के उस फैसले पर सवाल उठाए गए थे, जिसके तहत जेल नियमों में संशोधन कर आनंद मोहन की रिहाई का रास्ता साफ किया गया था.
यह भी पढ़ें
