नई दिल्ली : Bisleri Water Issue बिसलेरी पानी के नमूने फेल होने के बाद बड़े ब्रांड वाली इस कंपनी ने FSSAI की कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं. बिसलेरी इंटरनेशनल ने दावा किया है कि, उनका पैकेज्ड पीने योग्य पानी बिल्कुल सुरक्षित है. यही नहीं, कंपनी ने ये भी कहा कि, हम खाद्य सुरक्षा अधिकारियों के साथ हर तरह का सहयोग करने का तैयार हैं. आपको बता दें कि, भारत में बोतल बंद पीने का पानी के बाजार में बिसलेरी का एकाधिकार है, अन्य कंपनियां भी हैं, लेकिन बिसलेरी एक भरोसेमंद ब्रांड बन चुका है. लैब टेस्ट में नमूने फेल होने से इस ब्रांड को बड़ा झटका लगा है.
ब्रोमेट की मात्रा तय सीमा से ज्यादा
बता दें कि, बिसलेरी के पानी के नमूने में ब्रोमेट की मात्रा तय सीमा से ज्यादा पाई गई थी और बाद की जांच में पालीन्यूक्लियर एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन (पीएएच) की मौजूदगी भी सामने आई थी. इस वजह से FSSAI ने बिसलेरी के नमूने को असुरक्षित घोषित करते हुए मुकदमे की मंजूरी दी है.
इस बीच एफएसएसएआई ने देश के अन्य प्रमुख पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर ब्रांडों के खिलाफ भी जांच तेज कर दी है. एफएसएसएआई ने साफ कर दिया है कि गुणवत्ता मानकों का उल्लंघन करने वाली किसी कंपनी को बख्शा नहीं जाएगा.
कंपनी ने उठाए सवाल
बिसलेरी ने जांच के निष्कर्षों पर सवाल उठाते हुए दावा किया है कि परीक्षणों के नतीजों में विसंगति है. बिसलेरी ने बयान में बताया कि यह मामला सितंबर 2025 में गोवा स्थित उसके संयंत्र में तैयार किए गए बैच से संबंधित है.
टेस्ट में फेल
एफएसएसएआई ने 30 सितंबर 2025 को इस संयंत्र से छह नमूने लिए थे. शुरुआती जांच में छह में से पांच नमूने निर्धारित मानकों पर खरे उतरे थे, जबकि छठे नमूने में ब्रोमेट की मात्रा 12 माइक्रोग्राम प्रति लीटर पाई गई थी. निर्धारित सीमा 10 माइक्रोग्राम प्रति लीटर है.
दूसरे टेस्ट में ब्रोमेट की मात्रा कम
बिसलेरी ने 22 नवंबर 2025 को शुरुआती जांच के निष्कर्षों के खिलाफ अपील की. इसके बाद नमूने को रेफरल फूड लैबोरेटरी में दोबारा जांच के लिए भेजा गया. कंपनी का कहना है कि रेफरल लैब ने ब्रोमेट का स्तर निर्धारित सीमा के भीतर पाया, लेकिन जांच में पीएएच की मौजूदगी दर्ज की.
यह भी पढ़ें
