रामपुर : ED Action On Jauhar University समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता मोहम्मद आजम खां की जौहर यूनिवर्सिटी पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बड़ी कार्रवाई की है. रामपुर स्थित मोहम्मद जौहर यूनिवर्सिटी की जमीन और इमारतों को अटैच कर लिया है. मनी लॉन्ड्रिंग केस में अटैच की गई संपत्ति की कीमत 426.46 करोड़ रुपये है. वहीं, बाजार में इसकी कीमत 1170 करोड़ रुपये आंकी गई है. आरोप है कि, इसके निर्माण में सरकार धन का दुरुपयोग किया गया है.
PMLA के तहत कार्रवाई
यह कार्रवाई मनी लॉन्ड्रिंग रोकथाम कानून (PMLA) के तहत की गई है. मामला मौलाना मोहम्मद अली जौहर ट्रस्ट, आजम खान और अन्य लोगों से जुड़ा है. जौहर यूनिवर्सिटी का संचालन इसी ट्रस्ट के पास है. ट्रस्ट की स्थापना आजम खान ने की थी और वह यूनिवर्सिटी के मानद चांसलर भी हैं.
ईडी का आरोप
इस मामले में आरोप लगाया गया कि विश्वविद्यालय परिसर में 85.81 करोड़ रुपये के कार्य सरकारी धन से कराए गए हैं. ईडी ने जिला मूल्यांकन अधिकारी की रिपोर्ट के हवाले से विश्वविद्यालय के निर्माण की लागत 494.46 करोड़ रुपये बताई थी.
जबकि ट्रस्ट के आयकर रिटर्न में वित्तीय वर्ष 2013-14 से 2024-25 तक 78.32 करोड़ रुपये का पूंजीगत व्यय दर्शाए जाने का उल्लेख किया गया. ईडी ने करीब 416.14 करोड़ रुपये के अंतर का स्पष्टीकरण नहीं मिलने का दावा किया.
सरकारी धन से निर्माण
ईडी ने सरकारी धन से विश्वविद्यालय परिसर में काम कराए जाने के आरोपों के तहत तीन मदों का उल्लेख किया है. एक ठेकेदार के बयान में सरकारी ठेकों से जुड़े 55.8 करोड़ रुपये की निर्माण सामग्री विश्वविद्यालय के लिए इस्तेमाल किए जाने की बात कही गई.
एफआईआर हुई थी दर्ज
ईडी की शिकायत पर पूर्व मंत्री आजम खान, मौलाना मोहम्मद अली जौहर ट्रस्ट, एस एंड ए इंटरप्राइजेज, सीके एसोसिएट और अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने के बाद इसकी विवेचना क्षेत्राधिकारी टांडा पंकज पंत को सौंपी गई, जिसकी जांच चल रही है.
यह भी पढ़ें
