Karwa chauth 2026 Pujan

Karwa Chauth 2026: करवा चौथ की संपूर्ण पूजन विधि, किस शुभ मुहूर्त में पूजा करें, इन मंत्रों के उच्चारण से सभी मनोकामना होंगी पूर्ण

करवा चौथ का पवित्र पर्व  Karwa Chauth 2026 आज 29 अक्टूबर, गुरुवार को देश भर में मनाया जा रहा है. हिंदू धर्म में इस त्यौहार के विशेष महत्व है. इस दिन सुहागिन महिलाएं अपनी पति की लंबी उम्र के लिए व्रत रखती है. महिलाएं संध्या के समय चंद्रमा का पूजन और दर्शन करने के बाद अपने पति से आशीर्वाद लेती हैं. आइए हम आपको बताते हैं, इस पूजन का शुभ मुहूर्त, चंद्रमा के समय और इस पूजन से जुड़ी सभी जानकारियों जो आपके लिए बड़े काम की हैं. सभी तरह के संशय भी दूर हो जाएंगे.

करवा चौथ पूजा का सही समय

करवा चौथ पूजा का समय 29 अक्टूबर 2026, गुरुवार को शाम 05:38 बजे से शुरू होकर शाम 06:56 बजे तक रहेगा. वहीं करवा चौथ व्रत का समय सुबह 06:31 से शुरू होकर रात 08:17 बजे तक रहेगा. जबकि, चतुर्थी तिथि 29 अक्टूबर की रात 10:09 बजे तक रहेगी. तो वहीं पंचांग अनुसार करवा चौथ के दिन चंद्रमा के उदय होने का समय रात 8 बजकर 17 मिनट का है.

करवा चौथ की पूजा विधि जानिए

अलग-अलग प्रदेशों में पूजन विधि व नियम में कुछ बहुत अंतर देखने को मिल सकता है, इसलिए आपके यहां जिस भी परंपरा से पूजा होती है आप वैसे ही करें. लेकिन अगर आप करवा चौथ की पूजा पहली बार करने जा रही हैं या इसकी विधि सही से नहीं जानती हैं तो अब हम आपको इसकी सरल और लोकप्रिय विधि बताने जा रहे हैं। जो इस प्रकार है

इस मंत्र को बोलकर शुरू करें पूजा

करवा चौथ की पूजा से पहले सभी जरूरी सामग्री एकत्रित कर लें. प्रातः स्नानादि करने के पश्चात यह संकल्प बोलकर करवा चौथ का व्रत आरंभ करें- ‘मम सुखसौभाग्य पुत्रपौत्रादि सुस्थिर श्री प्राप्तये करक चतुर्थी व्रतमहं करिष्ये.’ फिर पूरे दिन निर्जला व्रत रहें.

संध्या के समय होती है पूजा

इस व्रत की मुख्य पूजा संध्या के समय में ही की जाती है. पूजा का शुभ मुहूर्त हमने आपको पहले ही बता दिया है. इस पूजन हेतु आपको पूजा के स्थान पर चौथ माता की एक फोटो रखनी है या फिर आप बाजार से करवा चौथ का कैलेंडर भी खरीदकर ला सकती हैं. कई महिलाएं पूजा के लिए दीवार पर गेरू से माता का चित्र भी बनाती हैं.

इस तरह तैयार करें कलश

सबसे पहले कलश की स्थापना की जाती है. कलश में सिक्का, सुपारी, हल्दी की गांठ, थोड़े अक्षत जरूर डालें. कलश के ऊपर आम या अशोक के कुछ पत्ते रखें. फिर कलश का मुंह किसी पात्र से ढक दें और उसके ऊपर थोड़े से अक्षत डालें. फिर कलश के ऊपर घी का दीपक रखें.

फिर एक करवा लेना है और उसमें जल भरें.

फिर करवे के छेद में 4 या 7 सींकें लगा दें. दरअसल, कुछ परंपराओं में करवे की टोंटी में 7 सींक लगाई जाती है तो कुछ परंपराओं में 4 सींक लगाई जाती हैं. फिर करवे के अंदर आप चांदी का सिक्का या अंगूठी भी जरूर डालें.

इसके बाद करवे को किसी चीज से ढक दें और उसके मुख पर कुछ मीठा रख दें. कई जगह करवे के मुख पर साबुत चावल रखे जाते हैं. ऐसे में आपके यहां जो परंपरा है आप उसी के अनुसार इस रस्म को निभाएं. बाद में इसी करवे से चंद्रमा को अर्घ्य दिया जाता है. लेकिन कई जगह महिलाएं चंद्रमा को अर्घ्य देने के लिए एक अलग करवे का इस्तेमाल करती हैं.

एक करवा सास को देने के लिए तैयार किया जाता है. इसके लिए मिट्टी का टोंटीदार करवा लें या खांड का करवा भी ले सकती हैं. फिर करवे के अंदर खील, बताशे, मिठाई, गुलगुले, आदि चीजें भर लें. कई जगह इस करवे के अंदर गेहूं और इसके ढक्कन में शक्कर का बूरा भरा जाता है. साथ ही उसके ऊपर कुछ दक्षिणा रख दी जाती है.

इसके बाद धूप, दीप, चन्दन, रोली, सिन्दूर आदि से विधिवत पूजा की जाती है.

पूजा के समय इस मंत्र का जाप जरूर करें – नमः शिवायै शर्वाण्यै सौभाग्यं संतति शुभाम्‌, प्रयच्छ भक्तियुक्तानां नारीणां हरवल्लभे.

इसके बाद करवों का आदान प्रदान करना है. ध्यान रहे कि यह प्रक्रिया करते वक्त करवों को एक-दूसरे से टकराने नहीं देना है क्योंकि यह अपशकुन माना जाता है.

जो महिलाएं करवा चौथ की पूजा सामुहिक तौर पर न करके घर पर अकेले में करती हैं वो दो करवे भरती हैं एक अपने लिए और एक माता गौरी के लिए. इस दौरान आपको सात बार हाथ क्रॉस करके करवा बदलना है और करवा घुमाते समय ‘ले सुहागन ले करवा, दे सुहागन दे करवा’ कहना है. करवा चौथ पूजा के बाद इस करवे को सास को या घर की किसी बड़ी महिला को भेंट स्वरूप दे दिया जाता है.

पूजा के समय हाथ में अक्षत लेकर करवा चौथ की कथा भी जरूर सुनी जाती है. कथा के बाद भोग लगाकर करवा चौथ की आरती की जाती है.

फिर महिलाएं चंद्रमा की पूजा की तैयारी में लग जाती हैं. इस पूजा के लिए थाली में दीपक, बत्ती, रोली, अक्षत, फूल, मिठाई, करवा, जल और छलनी रखी जाती है. चंद्रमा के उदय होने के बाद छलनी में दीपक जलाकर जल से भरे पात्र से चंद्रमा को अर्घ्य दिया जाता है. साथ ही चंद्र देव को फूल, रोली, अक्षत और मिठाई अर्पित की जाती है. फिर परिवार की परंपरा के अनुसार छलनी से चंद्रमा और फिर अपने पति का चेहरा देखकर व्रत का पारण कर लिया जाता है.

 

सबसे ज़्यादा पढ़े गए

One thought on “Karwa Chauth 2026: करवा चौथ की संपूर्ण पूजन विधि, किस शुभ मुहूर्त में पूजा करें, इन मंत्रों के उच्चारण से सभी मनोकामना होंगी पूर्ण”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *