Navratri Day 6

Navratri Day 6: पीएम मोदी ने मां कात्यायनी को किया नमन, देशवासियों के लिए मांगी सुख-समृद्धि

Navratri Day 6: शारदीय नवरात्रि के छठे दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मां कात्यायनी के चरणों में शीश नवाया और देशवासियों के सुख-समृद्ध जीवन की कामना की। उन्होंने मां से सभी के जीवन में अपार शक्ति, साहस और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करने की प्रार्थना की।

प्रधानमंत्री मोदी ने शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर लिखा, “नवरात्रि के पावन छठे दिन मां कात्यायनी के पवित्र चरणों में कोटि-कोटि नमन! मेरी हार्दिक कामना है कि उनकी कृपा से हर जीवन में असीम शक्ति, साहस और सकारात्मक ऊर्जा का संचार हो।”

मां कात्यायनी की पूजा से मिलता है साहस और शक्ति का संदेश
नवरात्रि का छठा दिन मां दुर्गा के छठे स्वरूप मां कात्यायनी को समर्पित है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, मां कात्यायनी शक्ति, साहस और दृढ़ संकल्प की प्रतीक हैं। उन्हें महिषासुर मर्दिनी के नाम से भी जाना जाता है।

पौराणिक कथाओं के मुताबिक, ब्रह्मा, विष्णु और महेश की संयुक्त शक्तियों से मां कात्यायनी का प्राकट्य हुआ था। उन्होंने महिषासुर का वध कर उसके अत्याचारों से देवताओं को मुक्ति दिलाई थी। मां कात्यायनी को सिंह पर सवार और चार भुजाओं वाली देवी के रूप में दर्शाया जाता है।

नौ दिनों तक मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की होती है आराधना
नवरात्रि का अर्थ संस्कृत में ‘नौ रातें’ होता है। यह पर्व मां दुर्गा और उनके नौ स्वरूपों यानी नवदुर्गा की पूजा-अर्चना के लिए समर्पित है। इन नौ दिनों में श्रद्धालु व्रत रखते हैं, देवी के मंत्रों और श्लोकों का पाठ करते हैं तथा भोग अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना करते हैं। इस दौरान घरों और मंदिरों में विशेष पूजा होती है। भक्त नए वस्त्र धारण करते हैं और मां दुर्गा के अलग-अलग स्वरूपों की उपासना कर उनका आशीर्वाद प्राप्त करने की कामना करते हैं।

रामलीला से लेकर रावण दहन तक, देशभर में दिखती है उत्सव की धूम
भारत में नवरात्रि अलग-अलग परंपराओं और रीति-रिवाजों के साथ मनाई जाती है। उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, बिहार और मध्य प्रदेश सहित उत्तर भारत के कई राज्यों में रामलीला का आयोजन होता है। इसमें भगवान राम के जीवन और रामायण की प्रमुख घटनाओं का मंचन किया जाता है। नवरात्रि के समापन पर विजयादशमी मनाई जाती है। इस दिन कई स्थानों पर रावण के पुतले का दहन किया जाता है, जो बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक माना जाता है।

हिंदू परंपरा में सालभर में चार नवरात्रि मनाई जाती हैं, लेकिन चैत्र नवरात्रि और शारदीय नवरात्रि विशेष रूप से लोकप्रिय हैं। दोनों पर्वों में श्रद्धालु मां दुर्गा की आराधना कर सुख, शांति और समृद्धि की कामना करते हैं।

सबसे ज़्यादा पढ़े गए

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *