Sharad Purnima 2026 शरद पूर्णिमा का हिंदू धर्म में बड़ा महत्वपूर्ण स्थान है. ये अश्विन माह की पूर्णिमा तिथि को प्रत्येक वर्ष मनाया जाता है. हिंदू धर्म की मान्यता के अनुसार, शरद पूर्णिमा की रात को चंद्रमा अपनी 16 कलाओं से युक्त होकर चमकता है. इसे कोजागरी पूर्णिमा, रास पूर्णिमा, कौमुदी व्रत या कुमार पूर्णिमा के नाम से भी जाना जाता है.
पूर्णिमा का शुभ मुहूर्त
मान्यता है कि इस रात को चंद्रमा की किरणों से अमृत निकलता है. शरद पूर्णिमा 25 अक्टूबर की रात को मनाई जाएगी. अश्विन मास की पूर्णिमा तिथि 25 अक्टूबर को सुबह 11:55 बजे शुरू होगी और अगले दिन 26 अक्टूबर को सुबह 9:41 बजे समाप्त होगी. ऐसे में 25 अक्टूबर की रात को शरद पूर्णिमा है.
शरद पूर्णिमा का धार्मिक महत्व
पौराणिक कथाओं के अनुसार, शरद पूर्णिमा की रात भगवान श्रीकृष्ण ने वृंदावन में गोपियों के साथ महारास रचाया था, जिसे भक्ति और प्रेम का प्रतीक भी माना जाता है. इसके अलावा मान्यता यह भी है कि शरद पूर्णिमा की रात को माता लक्ष्मी पृथ्वी पर विचरण करती हैं और देखती हैं कि कौन जाग रहा है, जो भी रात में जागते हैं और मां लक्ष्मी की पूजा करते हैं, उन पर माता की विशेष कृपा बरसती है. रात को जागने की वजह से इसे कोजागरी व्रत भी कहते हैं.
शरद पूर्णिमा में खीर क्यों रखी जाती है
शरद पूर्णिमा की रात को बरसों से एक परंपरा को हम मानते आए हैं. इसके अनुसार हम खीर को खुले आकाश के नीचे रखते हैं. मान्यता है कि शरद पूर्णिमा के अवसर पर गाय के दूध और चावल से बनी खीर को रखने पर चंद्रमा की किरणें खीर पर पड़ सकें. अगले दिन सुबह इसे प्रसाद के रूप में ग्रहण किया जाता है. चंद्रमा की इन किरणों में अमृत छिपा रहता है.
