Punjab Congress: रवनीत सिंह बिट्टू के राहुल गांधी पर ‘Use and Throw’ वाले बयान के बाद राजा वड़िंग ने पलटवार किया। वड़िंग ने खुद को मौकापरस्त नहीं बल्कि राहुल गांधी का वफादार बताया। इसी बीच पंजाब कांग्रेस में नेतृत्व बदलाव की चर्चाओं के बीच वड़िंग ने X पर खुद को ‘Former PPCC President’ बताया है।
बिट्टू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर राहुल गांधी को निशाना बनाते हुए ‘Use and Throw POLICY of Rahul Gandhi’ लिखा था। इसके जवाब में वड़िंग ने बिट्टू को चेतावनी देते हुए कहा कि वह गलत व्यक्ति से उलझ रहे हैं।
‘मैं मौकापरस्त नहीं, वफादार हूं’
राजा वड़िंग ने X पर लिखा कि रवनीत बिट्टू को राहुल गांधी और कांग्रेस नेतृत्व को निशाना बनाने से पहले सोचना चाहिए। उन्होंने राहुल गांधी को अपना नेता बताते हुए कहा कि वह राजनीतिक उतार-चढ़ाव के दौरान उनके साथ खड़े रहे हैं।वड़िंग ने खुद को ‘opportunist’ के बजाय ‘loyalist’ बताते हुए कहा कि उन्होंने अच्छे और बुरे दोनों दौर में राहुल गांधी का साथ दिया है और आगे भी ऐसा करते रहेंगे।उन्होंने बिट्टू को यह भी याद दिलाया कि राहुल गांधी ने उनके साथ-साथ बिट्टू पर भी भरोसा जताया था। वड़िंग के मुताबिक कांग्रेस नेतृत्व ने दोनों को राजनीतिक जिम्मेदारियां और अवसर दिए हैं।
लुधियाना को लेकर भी दोनों नेताओं का रहा है राजनीतिक जुड़ाव
राजा वड़िंग और रवनीत सिंह बिट्टू दोनों का राजनीतिक जुड़ाव लुधियाना से रहा है। 2024 के लोकसभा चुनाव में वड़िंग ने लुधियाना सीट से बिट्टू को हराकर चुनाव जीता था।इसके बाद बिट्टू बीजेपी में शामिल हुए और केंद्र सरकार में मंत्री बने। दोनों नेताओं के बीच राजनीतिक मतभेद इसके बाद भी सार्वजनिक रूप से सामने आते रहे हैं।
दिल्ली पहुंचे वड़िंग, पंजाब कांग्रेस को लेकर भी सवाल
इसी बीच राजा वड़िंग गुरुवार को दिल्ली पहुंचे। उनके दिल्ली आने के समय पंजाब कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष पद को लेकर भी अटकलें चल रही थीं।मीडिया से बातचीत में जब उनसे कांग्रेस के केंद्रीय नेतृत्व से मुलाकात के बारे में सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि फिलहाल उन्हें ऐसी किसी बैठक की जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि अगर कोई बैठक होती है तो वह इसकी जानकारी देंगे।पंजाब कांग्रेस में अंदरूनी खींचतान और नेतृत्व में बदलाव को लेकर पूछे गए सवालों पर वड़िंग ने तत्काल विस्तार से टिप्पणी करने से इनकार किया। उन्होंने कहा कि वह अगले एक-दो दिन में मीडिया से इस बारे में विस्तार से बात करेंगे।
‘अंतिम फैसला हाईकमान को लेना है’
पंजाब कांग्रेस में नेतृत्व परिवर्तन की चर्चाओं पर वड़िंग ने कहा कि पार्टी का हाईकमान सभी घटनाक्रम से अवगत है और अंतिम फैसला उसी को करना है।उन्होंने कहा कि हाईकमान जो भी निर्णय लेगा, उसका पालन किया जाएगा। उनके मुताबिक पार्टी नेतृत्व को तय करना है कि संगठन के लिए क्या सही है और क्या गलत।इसी बीच वड़िंग ने अपने X प्रोफाइल के बायो में बदलाव किया और खुद को ‘Former PPCC President’ बताया। कई मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक यह बदलाव पंजाब कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष पद से उनके हटने की अटकलों के बीच हुआ।
