नार्को तस्करी के कथित किंगपिन नवप्रीत सिंह को 10 दिन की पुलिस कस्टडी, तुर्किये से हुआ था डिपोर्ट

नई दिल्ली: तुर्किये से भारत लाए गए कथित ड्रग तस्करी सरगना नवप्रीत सिंह को राउज एवेन्यू कोर्ट ने 10 दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है। दिल्ली पुलिस ने शनिवार को अदालत से नवप्रीत की कस्टोडियल रिमांड की मांग की थी। पुलिस के मुताबिक, नवप्रीत सिंह पूरे नारको-नेटवर्क का कथित सरगना है और उसे आज ही दिल्ली लाया गया है। पुलिस ने अदालत को बताया कि एयरपोर्ट पहुंचने के तुरंत बाद नवप्रीत ने खुद को चोट पहुंचाने की कोशिश की। उसका मेडिकल लीगल सर्टिफिकेट (MLC) भी कराया गया है।

कई राज्यों में जांच के लिए ले जाएगी पुलिस

दिल्ली पुलिस ने अदालत को बताया कि नवप्रीत सिंह को फरवरी 2022 में अदालत ने घोषित अपराधी (Proclaimed Offender) घोषित किया था। जांच के सिलसिले में उसे महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और पंजाब ले जाने की जरूरत है। पुलिस के अनुसार, इस मामले में तीन अन्य आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट पहले ही दाखिल की जा चुकी है। जांचकर्ताओं को नवप्रीत और अन्य संदिग्धों रामनदीप, गुरजीत और गुरजोत—के बीच बातचीत से जुड़े सबूत भी मिले हैं।

फर्जी पहचान से तुर्किये की नागरिकता लेने का आरोप

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को बताया कि सरकार ने कथित नारको-ट्रैफिकिंग सरगना नवप्रीत सिंह को तुर्किये से डिपोर्ट कराकर भारत वापस लाया है। शाह के मुताबिक, नवप्रीत ने ‘नवाब विर्क’ नाम की कथित फर्जी पहचान का इस्तेमाल कर तुर्किये की नागरिकता हासिल की थी।
अमित शाह के अनुसार, भारतीय एजेंसियों ने उसकी पहचान का पता लगाया और उसे भारत वापस लाने में सफलता हासिल की। गृह मंत्री ने आरोप लगाया कि नवप्रीत अफगानिस्तान से भारत में हेरोइन और मेथामफेटामाइन की तस्करी करता रहा।

दिसंबर 2029 तक नारको-कार्टेल खत्म करने का लक्ष्य

अमित शाह ने कहा कि सरकार का लक्ष्य दिसंबर 2029 तक हर नारको-कार्टेल को खत्म करना है। उन्होंने नवप्रीत को भारत लाने में शामिल सभी एजेंसियों को बधाई भी दी।

सबसे ज़्यादा पढ़े गए