Narendra Modi 25 Years

मोदी के 25 साल के सफर को सुदर्शन पटनायक ने रेत पर उतारा, ‘विकसित भारत’ के विजन को दी सलामी

Narendra Modi 25 Years: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 साल पूरे होने के मौके पर देशभर में उन्हें बधाइयां दी जा रही हैं। इस खास अवसर को मशहूर सैंड आर्टिस्ट सुदर्शन पटनायक ने अपने अंदाज में यादगार बना दिया। उन्होंने रेत पर एक खास कलाकृति तैयार कर प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन और ‘विकसित भारत’ के विजन को सलाम किया। रेत पर उकेरी गई इस कलाकृति के जरिए पटनायक ने गुजरात से शुरू हुए मोदी के राजनीतिक सफर से लेकर देश के प्रधानमंत्री बनने तक की यात्रा को अपने कला माध्यम से सामने रखा।

गुजरात से शुरू हुआ सफर, अब दुनिया की नजर भारत पर
ANI से बातचीत में सुदर्शन पटनायक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पिछले 25 वर्षों से सार्वजनिक सेवा के प्रति समर्पित रहे हैं और उनका लक्ष्य ‘विकसित भारत’ का निर्माण करना रहा है। उन्होंने कहा कि आज पूरी दुनिया की नजर भारत पर है और लोग उस सफर को देख रहे हैं, जो गुजरात से शुरू हुआ और प्रधानमंत्री के रूप में देश को विकसित राष्ट्र बनाने के प्रयासों तक पहुंचा है। पटनायक ने कहा कि उनकी यह रेत कलाकृति प्रधानमंत्री मोदी के काम और देश के लिए उनके विजन को सम्मान देने का उनका तरीका है।

उन्होंने कहा कि हमारी कला के जरिए हम प्रधानमंत्री मोदी और उनके विजन को श्रद्धांजलि देते हैं। हम राष्ट्र के प्रति उनके समर्पण और सेवा का सम्मान करते हैं और इस मिशन में उनके साथ खड़े हैं।

7 अक्टूबर 2001 से शुरू हुआ 25 साल का सफर
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में इस महत्वपूर्ण पड़ाव की शुरुआत 7 अक्टूबर 2001 से मानी जाती है। इसी दिन उन्होंने पहली बार गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी। इसके बाद गुजरात में लगातार तीन बार सरकार का नेतृत्व करने के बाद मोदी के नेतृत्व में बीजेपी ने 2014 के लोकसभा चुनाव में ऐतिहासिक जीत हासिल की। इसके बाद वह लगातार तीन बार देश के प्रधानमंत्री बने।

मंदिर में पूजा कर दोहराया देशसेवा का संकल्प
25 साल तक सरकार के मुखिया के रूप में सेवा पूरी करने के मौके पर प्रधानमंत्री मोदी ने बुधवार को नई दिल्ली के सरोजिनी नगर स्थित श्री विनायका मंदिर में पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने देश की सेवा को पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ जारी रखने का संकल्प दोहराया।

कैबिनेट ने भी दी बधाई
इससे पहले केंद्रीय मंत्रिमंडल ने प्रधानमंत्री मोदी के सरकार के प्रमुख के रूप में लगातार 25 साल पूरे करने पर बधाई प्रस्ताव पारित किया। कैबिनेट के प्रस्ताव में उनके राजनीतिक सफर को ‘राष्ट्र प्रथम’ और ‘नागरिक प्रथम’ के सिद्धांतों से प्रेरित बताया गया। इसमें गुजरात में मिले तीन लगातार जनादेश और इसके बाद लोकसभा में मिली तीन लगातार जीत का भी उल्लेख किया गया।

प्रस्ताव का शीर्षक ‘गुजरात से भारत: एक विकास दृष्टि का विस्तार’ रखा गया। इसमें बताया गया कि गुजरात में शुरू की गई कई पहल बाद में राष्ट्रीय स्तर पर लागू की गईं। इनमें SWAGAT का उल्लेख किया गया, जिसके जरिए तत्कालीन मुख्यमंत्री मोदी नागरिकों की शिकायतें सीधे सुनते थे। वहीं PRAGATI के जरिए विभिन्न सरकारों और विभागों को एक साथ लाकर अटकी परियोजनाओं और उनके क्रियान्वयन से जुड़ी दिक्कतों की समीक्षा की गई।

सबसे ज़्यादा पढ़े गए