एजेंसी : आम आदमी के जेब पर महंगाई का बोझ बढ़ गया है. दिल्ली-एनसीआर में दूध सप्लाई करने की बड़ी कंपनी मदर डेयरी ने दूध की कीमतों में दो से चार रुपये प्रति लीटर की बढ़ोत्तरी की है. ये वृद्धि गुरुवार से लागू होगी. इससे पहले मदर डेयरी ने मई 2026 में दूध के दामों में बढ़ोत्तरी की थी. वहीं, उससे पहले अप्रैल 2025 में कीमतों में संशोधन किया गया था.
इस वजह से बढ़े दाम
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, मदर डेयरी ने अपने खुले दूध की अलग-अलग किस्मों के उपभोक्ता कीमत में दो से चार रुपये प्रति लीटर की वृद्धि की है. मदर डेयरी के प्रवक्ता ने फिलाहाल इस पर किसी भी तरह की प्रतिक्रिया नहीं दी है. वहीं, सूत्रों ने बताया कि किसानों से दूध की खरीद कीमतें बढ़ गई हैं, जिसके कारण कंपनी को लागत में हुई वृद्धि का कुछ बोझ उपभोक्ताओं पर डालना पड़ रहा है. मदर डेयरी दूध की बिक्री से होने वाली आय का 75-80 प्रतिशत हिस्सा किसानों को देती है.
टोंड, डबल टोंड, फुल क्रीम के नये दाम
राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में टोंड दूध (थोक वितरण) की कीमत 58 रुपये से बढ़ाकर 60 रुपये प्रति लीटर कर दी गई है. फुल क्रीम दूध (पाउच) की कीमत अब 72 रुपये से बढ़कर 76 रुपये प्रति लीटर होगी. टोंड दूध (पैकेट) की कीमत 60 रुपये से बढ़ाकर 62 रुपये प्रति लीटर कर दी गई है. डबल टोंड दूध की कीमत 54 रुपये से बढ़कर 56 रुपये प्रति लीटर होगी. गाय के दूध की कीमत 62 रुपये से बढ़ाकर 65 रुपये प्रति लीटर कर दी गई है.
35 लाख लीटर प्रतिदिन दूध की बिक्री
मदर डेयरी सिर्फ दिल्ली-एनसीआर बाजार में प्रतिदिन करीब 35 लाख लीटर दूध बेचती है. कुल मिलाकर कंपनी प्रतिदिन 50 लाख लीटर से अधिक दूध बेचती है. मदर डेयरी ने बेहतर मांग के दम पर पिछले वित्त वर्ष में अपना कारोबार 17 प्रतिशत बढ़ाकर 20,300 करोड़ रुपये कर लिया था. कंपनी के दूध उत्पादों और खाद्य तेलों की मांग में वृद्धि हुई थी.
यह भी पढ़ें

One thought on “दिल्ली-एनसीआर में आम आदमी को लगा महंगाई का झटका, मदर डेयरी ने दूध की कीमतों में की बढ़ोत्तरी, 2 से 4 रुपये प्रति लीटर बढ़े दाम”