रामपुर : Rampur CRPF Camp Attack रामपुर से चौंकाने वाली खबर सामने आई है. यहां पर रामपुर सीआरपीएफ कैंप हमले के आरोपी मोहम्म्द शरीफ की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी. जानकारी के मुताबिक, बाइक पर दो अज्ञात हमलावरों ने इस घटना को अंजाम दिया था. थाना खजुरिया इलाके में हुई इस घटना के बाद हड़कंप मच गया. मोहम्मद शरीफ 2007 में हुए सीआरपीएफ कैंप हमले में आरोपी था, उसे हाईकोर्ट ने करीब एक साल पहले बरी कर दिया था. आपको बता दें कि, इस अटैक में सात जवान शहीद हुए थे.
घटना के समय वह अपने बेटे के साथ जा रहे थे. रास्ते में पनवड़िया गांव के पास बाइक सवार दो लोगों ने उनकी हत्या कर दी.
कैंप पर हैंडग्रनेड से हुआ था हमला
आतंकियों ने एके 47 और हैंडग्रेनेड से हमला किया गया, जिसमें सीआरपीएफ के सात जवान शहीद हुए थे. सीआरपीएफ कैंपस की दीवार के पास सो रहे एक रिक्शा चालक की भी जान गई थी.
साल 2019 में सत्र न्यायालय ने हमले का दोषी मानते हुए मोहम्मद शरीफ, सबाउद्दीन, इमरान शहजाद और मोहम्मद फारूक को मौत की सजा सुनाई थी, जबकि जंग बहादुर खान उर्फ बाबा को उम्रकैद की सजा सुनाई थी.
हाईकोर्ट ने रद्द कर दी थी सजा
दो अन्य, मोहम्मद कौसर और गुलाब खान को बरी कर दिया गया था. सजा के फैसले के खिलाफ आतंकियों ने हाईकोर्ट में अपील की थी. इलाहाबाद हाईकोर्ट ने सुनवाई के बाद अभियोजन पक्ष के तथ्यों को कमजोर मानते हुए सजा रद्द कर दी थी.
