नई दिल्ली : MEA On Bangladesh Violence पड़ोसी देश बांग्लादेश में हिंसा का दौरा जारी है. कपड़ा उद्योग से जुड़े श्रमिक वेतन बढ़ाने की मांग को लेकर लगातार उग्र प्रदर्शन कर रहे हैं. इस बीच भारत भी इस घटनाक्रम पर अपनी नजर बनाए हुए है. मंगलवार को विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बांग्लादेश की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि, हम लगातार नजर बनाए हुए हैं.
श्रमिकों का हिंसक प्रदर्शन
बता दें कि, बांग्लादेश में कपड़ा उद्योग के श्रमिकों की तरफ से वेतन बढ़ाने की मांग को लेकर लगातार हिंसक प्रदर्शन किए जा रहे हैं. वाहनों में तोड़फोड़ और प्रमुख सड़कों को ब्लॉक किया गया है. हालात को काबू में करने के लिए अतिरिक्त अर्द्धसैनिक बलों की तैनाती की गई है.
एजेंसी की खबर के मुताबिक, प्रदर्शनकारियों की राजधानी ढाका के मीरपुर, आशुलिया, गाजीपुर और नारायणगंज इलाकों में कानून प्रवर्तन कर्मियों के साथ झड़पें हुईं. खबरों के अनुसार, प्रदर्शनकारियों ने पुलिस वैन में आग लगा दी, जबकि पुलिस ने उन्हें तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े, पानी की बौछारें कीं और लाठियां बरसा दी.
4000 कपड़ा फैक्ट्री, 40 लाख से अधिक मजदूर
बांग्लादेश गारमेंट मैन्युफैक्चरर्स एंड एक्सपोर्टर्स एसोसिएशन (BGME) के अनुसार, विरोध प्रदर्शनों के कारण ढाका, गाजीपुर और मध्य मयमनसिंह में रजिस्ट्रेड लगभग 4,000 कपड़ा कारखानों में से 670 को बंद करना पड़ा है. मजदूरों की मांग है कि न्यूनतम मासिक वेतन मौजूदा 12,500 रुपये से बढ़ाकर 30,000 किया जाए. BGME के मुताबिक, बांग्लादेश के कपड़ा उद्योग में 40 लाख से अधिक मजदूर काम करते हैं.

One thought on “MEA On Bangladesh Violence: बांग्लादेश में हिंसक प्रदर्शनों पर भारत अलर्ट, विदेश मंत्रालय ने कहा-हम नजर बनाए हुए हैं”