नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेटर विप्रज निगम के लिए मुसीबत बढ़ती नजर आ रही है. विप्रज पर यौन उत्पीड़न की एफआईआर दर्ज कराने वाली युवती उनके घर पहुंच गई और विप्रज से बात करने की जिद पर अड़ गई. जानकारी के मुताबिक, युवती भारतीय क्रिकेटर के घर देर रात पहुंची और निगम से मुलाकात करने के लिए कार में बैठकर इंतजार करती रही. आपको बता दें कि, विप्रज निगम एशियन गेम्स में भाग लेने के लिए भारतीय क्रिकेट टीम का हिस्सा हैं और वे जापान में हैं.
खबरों के मुताबिक, जब युवती कार में बैठकर इंतजार कर रहीं थी, उस वक्त विप्रज की मां ही घर पर मौजूद थीं. बाद में क्रिकेटर के पिता ने युवती से फोन पर बातचीत की. पिता के आश्वासन बाद युवती वापस लौट गई. एक हफ्ते बाद युवती से बातचीत की जाएगी, ऐसी जानकारी सामने आई है.
नहीं चाहती विवाद
युवती ने कहा कि, वह इस मामले में किसी तरह का कोई विवाद नहीं चाहती है. वह केवल विप्रज से बात करने के लिए उनके घर आई थी. गौरतलब है कि, विप्रज इस समय भारतीय टीम के साथ जापान में हैं. बीसीसीआई ने चोटिल वरुण चक्रवर्ती की जगह उन्हें एशियाई खेलों की टीम में शामिल किया है.
धमकी के बाद विप्रज ने की थी FIR
बता दें कि, विप्रज ने आठ नवंबर 2025 को हैदराबाद की रहने वाली युवती के खिलाफ बाराबंकी कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया था. विप्रज के मुताबिक, युवती अलग-अलग मोबाइल नंबरों से फोन कर उन्हें फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी दे रही थी. युवती ने इसके बाद गौतमबुद्धनगर के एक्सप्रेसवे थाने में विप्रज के खिलाफ शारीरिक शोषण का मुकदमा दर्ज कराया था.
