Delhi NCR Air Pollution: सर्दियों के मौसम में दिल्ली-NCR की हवा को खराब होने से रोकने के लिए कमीशन फॉर एयर क्वालिटी मैनेजमेंट (CAQM) ने तैयारियों की समीक्षा की है। CAQM की उप-समिति ने प्रदूषण नियंत्रण के लिए स्टबल बर्निंग (पराली जलाना), वाहनों से होने वाले उत्सर्जन, सड़क की धूल और औद्योगिक प्रदूषण को लेकर संबंधित एजेंसियों के साथ बैठक की।
CAQM के चेयरमैन राजेश वर्मा की अध्यक्षता में हुई 26वीं बैठक में NCR के राज्यों और दिल्ली सरकार (GNCTD) की तैयारियों का जायजा लिया गया। बैठक में पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में 2026 के दौरान पराली जलाने की घटनाओं को पूरी तरह रोकने के लिए बनाए गए एक्शन प्लान पर चर्चा हुई।
पराली जलाने पर सख्ती
बैठक में फसल विविधीकरण, डायरेक्ट सीडेड राइस (DSR) तकनीक को बढ़ावा देने, फसल अवशेष के बेहतर इस्तेमाल और किसानों के बीच जागरूकता अभियान बढ़ाने पर जोर दिया गया।
वाहनों से प्रदूषण रोकने की तैयारी
CAQM ने दिल्ली में प्रवेश करने वाले पुराने और ज्यादा प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों पर कार्रवाई की समीक्षा की। इसके अलावा बसों को स्वच्छ ईंधन की ओर बढ़ाने, पुराने BS-IV और उससे नीचे के वाहनों पर प्रतिबंध लागू करने और प्रदूषण जांच प्रमाण पत्र (PUCC) के बिना वाहनों में ईंधन भरने पर रोक की तैयारियों की भी समीक्षा की गई।
इसके लिए NCR के पेट्रोल और CNG स्टेशनों पर Automatic Number Plate Recognition (ANPR) सिस्टम लगाने की प्रक्रिया पर भी चर्चा हुई, ताकि नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर कार्रवाई की जा सके।
पुराने वाहनों और डीजल ऑटो पर कार्रवाई
बैठक में सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के तहत पुराने End-of-Life (EoL) वाहनों को जब्त कर स्क्रैप करने की कार्रवाई तेज करने पर जोर दिया गया। साथ ही NCR जिलों में 31 दिसंबर 2026 तक डीजल ऑटो-रिक्शा को चरणबद्ध तरीके से हटाने की योजना की भी समीक्षा हुई।
धूल और निर्माण प्रदूषण पर नजर
सर्दियों से पहले धूल प्रदूषण कम करने के लिए अतिरिक्त Mechanical Road Sweeping Machines (MRSMs) खरीदने और उन्हें धूल वाले हॉटस्पॉट क्षेत्रों में तैनात करने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा निर्माण स्थलों (C&D साइट), उद्योगों और डीजल जनरेटर सेटों की औचक जांच और नियमों के पालन की स्थिति की भी समीक्षा की गई। CAQM ने सभी संबंधित एजेंसियों को निर्देश दिया कि वे प्रदूषण नियंत्रण के उपायों को समयबद्ध और सख्ती से लागू करें। बैठक में आने वाले सर्दी के मौसम के दौरान दिल्ली-NCR की हवा को बेहतर बनाए रखने के लिए सभी विभागों के बीच बेहतर तालमेल पर जोर दिया गया।
