Budgam Police: जम्मू-कश्मीर के बडगाम जिले में सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में लश्कर-ए-तैयबा के शीर्ष कमांडर हाशिम मूसा के मारे जाने के कुछ दिन बाद पुलिस ने मुठभेड़ स्थल के पास से एक बैग बरामद किया है। बैग में दवाइयां और खाने-पीने का सामान मिला है। पुलिस के मुताबिक, यह बैग दूधपथरी के पालमेडन इलाके में उस स्थान के आसपास मिला, जहां 29 सितंबर को सुरक्षाबलों के साथ हुई मुठभेड़ में हाशिम मूसा मारा गया था।
आतंकी के इस्तेमाल के लिए भेजा गया था सामान?
पुलिस ने आशंका जताई है कि बरामद सामान मारे गए आतंकी के इस्तेमाल के लिए रखा गया हो सकता है। हालांकि, इसकी पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी।पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि यह सामान कहां से आया, इसे घटनास्थल के पास किसने और किन परिस्थितियों में रखा था और इसके पीछे कौन लोग शामिल हो सकते हैं।
लॉजिस्टिक सपोर्ट नेटवर्क की तलाश
इस बरामदगी के बाद जांच एजेंसियों का फोकस आतंकी संगठन के लॉजिस्टिक सपोर्ट नेटवर्क पर भी है। पुलिस ओवरग्राउंड वर्कर्स, साजिश में शामिल लोगों और अन्य सहयोगियों की संभावित भूमिका की जांच कर रही है। जांच का उद्देश्य उन सभी लोगों की पहचान करना है, जिन्होंने आतंकी को इलाके में रहने या गतिविधियां संचालित करने के लिए किसी तरह की मदद पहुंचाई हो।
29 सितंबर को मारा गया था हाशिम मूसा
हाशिम मूसा को 29 सितंबर को खुफिया इनपुट के आधार पर सुरक्षाबलों द्वारा चलाए गए संयुक्त अभियान के दौरान मुठभेड़ में मार गिराया गया था।अब घटनास्थल के पास से मिली दवाइयों और खाने के सामान की बरामदगी को उसी मामले की आगे की जांच से जोड़कर देखा जा रहा है। इस संबंध में खानसाहिब पुलिस स्टेशन में दर्ज FIR के तहत जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि जांच के जरिए आतंकी को मदद पहुंचाने वाले पूरे नेटवर्क का पता लगाने और इसमें शामिल लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की कोशिश की जा रही है।
