नई दिल्ली: Weather in Delhi-NCR चक्रवात अर्नब अपना असर दिखा रहा है. राजधानी दिल्ली में बीते दो दिनों से हल्की, मध्यम बारिश से मौसम का मिजाज बदल गया है. इसके चलते यहां ठंड बढ़ गई है. हालांकि, राजधानी में बढ़ते प्रदूषण से राहत मिली है. कई इलाकों में AQI के स्तर में सुधार हुआ है. मौसम विभाग की जानकारी के मुताबिक, आज यानी शनिवार को भी बादल छाये रहेंगे. वहीं, तापमान में भी बदलाव दिखेगा. दिल्ली में अधिकतम तापमान 26°C से 28°C और न्यूनतम तापमान 15°C से 17°C के बीच रहने की संभावना है. दिल्ली के कई इलाकों में न्यूनतम तापमान सामान्य के करीब रहेगा. जबकि अधिकतम तापमान सामान्य से काफी नीचे रहने की संभावना है.
ऐसा रहा अलग-अलग इलाकों में AQI
वहीं, दिल्ली के कई हिस्सों में एयर क्वालिटी इंडेक्स 150 से नीचे, जबकि कुछ इलाको में यह 100 से भी कम दर्ज किया गया है. सेंट्रल पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड (CPCB) के मुताबिक, शनिवार सुबह अलीपुर में AQI 135 दर्ज किया गया है. दिल्ली IIT में 73, बुराड़ी में 80, अशोक विहार में 104, द्वारका सेक्टर-8 में 86, IGI एयरपोर्ट (T3) में 83, जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में 113 और आनंद विहार में एयर क्वालिटी इंडेक्स 116 दर्ज किया गया.
बता दें, 0 से 50 के बीच AQI को ‘अच्छा’, 51 से 100 को ‘संतोषजनक’, 101 से 200 को ‘मध्यम’, 201 से 300 को ‘खराब’, 301 से 400 को ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 के बीच इसे गंभीर माना जाता है.
दिल्ली में अधिकतम तापमान सामान्य से नीचे रहेगा
मौसम विभाग ने अपने पूर्वानुमान में बताया कि, रविवार को दिल्ली-NCR में आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे. दिल्ली में अधिकतम तापमान 28°C से 30°C और न्यूनतम तापमान 16°C से 18°C के बीच रहने की संभावना है. दिल्ली के ज्यादातर इलाकों में रविवार को न्यूनतम तापमान सामान्य के करीब रहेगा, जबकि अधिकतम तापमान सामान्य से नीचे रहेगा.
देश के कई हिस्सों में बारिश
मौसम विभाग के मुताबिक, 30 अक्टूबर की सुबह दक्षिणी अंडमान सागर और उससे सटे अंडमान-निकोबार द्वीप समूह के ऊपर एक कम दबाव का क्षेत्र बना था. इसके 31 अक्टूबर के आसपास दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह, अंडमान सागर के आसपास के क्षेत्रों में कम दबाव के क्षेत्र में बदलने की संभावना है. इसके चलते आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में बारिश की संभावना है.
अभी ये मौसम 31 अक्टूबर से 4 नवंबर तक रहेगा. बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और ओडिशा में बारिश की संभावना है. इसके अलावा 2 नवंबर को हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर में बारिश की संभावना बनी रहेगी.

One thought on “Weather in Delhi-NCR: अर्नब चक्रवात ने साफ की दिल्ली की हवा, AQI में बड़ा सुधार दर्ज, राजधानी में ठंड भी बढ़ी”