एजेंसी : BJP on Fake List of Candidate उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव से पहले अफवाहों का दौर भी शुरू हो गया है. भारतीय जनता पार्टी की 209 प्रत्याशियों की सूची सोशल मीडिया पर सुर्खियां बटोर रही है. इस बीच बीजेपी की तरफ इसे लेकर स्पष्टीकरण भी आ गया है. उत्तर प्रदेश बीजेपी का कहना है कि, ये पूरी तरह से अफवाह है और ये लिस्ट फर्जी है. हमने किसी भी तरह की लिस्ट अब तक नहीं बनाई है और ना ही ऐसी कोई सूची केंद्रीय नेतृत्व को दिल्ली भेजी है. प्रदेश बीजेपी कार्यालय की तरफ से इस संबंध में एक प्रेस रिलीज भी जारी की गई है.
यूपी बीजेपी ने स्पष्ट किया है कि उम्मीदवार चयन की प्रक्रिया अभी शुरू भी नहीं हुई है. साथ ही बीजेपी ने अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं से अपील की है कि भ्रामक खबरों पर विश्वास न करें, सिर्फ पार्टी के अधिकृत मंचों से जारी सूचना को ही प्रामाणिक मानें.
209 उम्मीदवारों की लिस्ट का बीजेपी ने किया खंडन
बता दें कि यूपी में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले सियासी गलियारों में बीजेपी के 209 उम्मीदवारों की लिस्ट को लेकर चर्चा हो रही है. हालांकि इस तरह खबर को यूपी बीजेपी के अध्यक्ष पंकज चौधरी निराधार बता रहे हैं. उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि उन्हें नहीं पता कि 209 प्रत्याशियों के नाम तय होने की खबरें कहां से आ रही हैं. उनका ये भी कहना है कि बीजेपी में टिकट का फैसला कोई एक व्यक्ति नहीं करता, बल्कि इसके लिए संगठन के अलग-अलग स्तरों पर बातचीत के बाद अंतिम फैसला लिया जाता है.
विधानसभा क्षेत्रों के प्रभारियों की लिस्ट हाल में हुई जारी
उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी को और मजबूत करने के लिए बीजेपी ने हाल ही में विधानसभा क्षेत्रों के प्रभारियों की लिस्ट जारी की थी. बीजेपी के नेतृत्व ने भी उत्तर प्रदेश की बैठकों में स्पष्ट तौर से कहा था कि संगठन में तीन बार पदाधिकारी रहे चेहरों को अनुभव के आधार पर चुनावी क्षेत्रों में उतारा जाएगा.
यूपी में विधानसभा चुनाव में अब कुछ ही महीने का वक्त बचा है. ऐसे में बीजेपी, समाजवादी पार्टी समेत अन्य दल चुनावी अभियान को धार देने में लगे हुए हैं. सभी दल अपनी जीत सुनिश्चित करने के लिए रणनीति बनाने में जुटे हैं.
यह भी पढ़ें

One thought on “BJP on Fake List of Candidate: 209 प्रत्याशियों की लिस्ट पर सच आया सामने, बीजेपी ने कहा ये पूरी तरह फर्जी है”