स्पोर्ट्स डेस्क : India Vs NZ ODI भारत ने न्यूजीलैंड को पांचवें वन डे में 22 रन से हराकर सीरीज पर 3-1 से कब्जा कर लिया. माउंट माउंगनुई में खेला गया ये मुकाबला लो स्कोरिंग रहा. मैच में कीवी टीम 209 रन का लक्ष्य भी चेज नहीं कर पाई. अर्शदीप सिंह और मोहम्मद सिराज ने कीवी बल्लेबाजों को टिकने नहीं दिया. सिंह ने 3 विकेट लेकर मेजबान टीम को संकट में ढकेल दिया. बता दें कि, पांच मैचों की सीरीज में तीसरी मैच बारिश के चलते रद्द कर दिया गया था.
इस मैच में गेंदबाजों का दबदबा देखने को मिला. न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी और भारत को 42.1 ओवरों में 209 रनों पर ही ढेर कर दिया. पिछले मैच में कीवी बल्लेबाजी को देखते हुए लग रहा था कि, न्यूजीलैंड आसानी से मैच जी लेगी, लेकिन भारतीय गेंदबाजों ने उसकी राह मुश्किल कर दी. पूरी न्यूजीलैंड टीम 48.1 ओवरों में 187 रनों पर सिमट गई.
11 सीरीज के बाद कीवी टीम के मिला हार
इसी के साथ भारत ने न्यूजीलैंड के घर में लगातार 11 द्विपक्षीय वनडे सीरीज जीतने के क्रम को भी रोक दिया. न्यूजीलैंड टीम 2019 से लगातार अपने घर में द्विपक्षीय वनडे सीरीज जीतती आ रही थी और आज उसका यह क्रम टूट गया.
अर्शदीप और सिराज की घातक गेंदबाजी
न्यूजीलैंड को अच्छी शुरुआत की जरूरत थी और विल यंग-टिम सीफर्ट की जोड़ी उसे वो शुरुआत देती दिख रही थी. तभी छठे ओवर की तीसरी गेंद पर मोहम्मद सिराज ने सीफर्ट को पवेलियन की राह दिखाई. उन्होंने 21 गेंदों पर 14 रन बनाए. निक कैली और विल यंग की साझेदारी पनपनी शुरू ही हुई थी कि अर्शदीप ने यंग को डीप स्क्वायर लेग पर ऋतुराज गायकवाड़ के हाथों कैच कराया. वह 42 गेंदों पर 22 रन बना पाए.
इसके बाद 82 के कुल स्कोर पर अर्शदीप ने निक कैली को पवेलियन भेजा. उनका विकेट 21वें ओवर की चौथी गेंद पर 82 के कुल स्कोर पर गिरा. इसके अगले ओवर में सिराज ने फिन एलन को एक रन के निजी स्कोर पर बोल्ड कर दिया. यहां न्यूजीलैंड का स्कोर चार विकेट के नुकसान पर 82 रन था.
आकिब और यश ने कराई वापसी
डीन फॉक्सक्रॉफ्ट और माइकल ब्रेसवेल ने फिर एक साझेदारी को आकार देना शुरू किया, ये जोड़ी भारत के लिए खतरा साबित हो रही थी, तभी आकिब नबी और डेब्यू कर रहे यश ठाकुर ने अपना कमाल दिखाया. आकिब ने 31वें ओवर की आखिरी गेंद पर ब्रेसवेल की 19 रनों की पारी का अंत किया और अगले ही ओवर की पहली गेंद पर यश ने फॉक्सक्रॉफ्ट को बोल्ड कर भारत को मैच में वापस ला दिया. फॉक्सक्रॉफ्ट 42 गेंदों पर 31 रन बनाने में सफल रहे.
सैंटनर बने मुसीबत
दो लगातार विकेट गिरने से न्यूजीलैंड की टीम दबाव में थी. यहां उसका स्कोर छह विकेट के नुकसान पर 119 रन था. लग रहा था कि भारत ने मैच में वापसी कर ली है, लेकिन मिचेल सैंटनर ने विकेट पर पैर जमाते हुए भारत की परेशानी बढ़ानी शुरू कर दी. हालांकि, नमन धीर की ऑफ स्पिन ने उनकी पारी का भी अंत कर दिया. 41वें ओवर की चौथी गेंद पर सैंटनर डीप मिडविकेट पर अर्शदीप के हाथों लपके गए. उन्होंने 31 गेंदों पर दो छक्के और एक चौके की मदद से 24 रनों की पारी खेली. इसके बाद न्यूजीलैंड को कोई भी बल्लेबाज टिक नहीं सका.
यह भी पढ़ें

One thought on “India Vs NZ ODI : सात साल बाद भारत ने जीती ODI सीरीज, गेंजबाजों ने रोक दिया कीवी टीम का विजय रथ”