एजेंसी : Cyclone Murasu बंगाल की खाड़ी से उठे चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के बाद एक बार फिर से कम दबाव का क्षेत्र मजबूत तूफान की शक्ल ले चुका है. भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, चक्रवात ‘मुरासू’ ताकतवर हो रहा है, और अब ये तीन नवंबर को सुबह आंध्र प्रदेश के तट से टकराएगा. जानकारी के मुताबिक, लैंडफाल के समय इस तूफान की रफ्तार 120 किमी प्रति घंटा तक होगी. ओडिशा और आंध्र प्रदेश में भारी बारिश की आशंका जताई गई है. वहीं, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्र बाबू नायडू ने राज्य में सतर्कता बढ़ाने और इससे निपटने के लिए निर्देश दिये हैं.
मुरासु का खतरा मंडराया
बंगाल की खाड़ी में बना गहरा दबाव का क्षेत्र “मुरासु” नाम के चक्रवात में बदल गया है. मौसम विभाग के मुताबिक ये तूफान 3 नवंबर की सुबह आंध्र प्रदेश के तट से टकरा सकता है. एक हफ्ते के भीतर बंगाल की खाड़ी में ये दूसरा चक्रवाती तूफान है. इससे पहले चक्रवात ‘अर्णब’ 28 अक्टूबर को आंध्र के तट से टकराया था जिसकी वजह से आंध्र प्रदेश और ओडिशा बुरी तरह प्रभावित हुए हैं. आपको बता दें कि चक्रवात का नाम ‘मुरासु’ भारत की ओर से सुझाई गई सूची में शामिल है. तमिल भाषा में ‘मुरासु’ का अर्थ युद्ध का नगाड़ा होता है.
चक्रवात की स्थिति
IMD ने ट्वीट कर के बताया- “पश्चिम-मध्य और उससे सटे दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना चक्रवाती तूफान ‘मुरासु’ पिछले 6 घंटों के दौरान लगभग उत्तर-पश्चिम दिशा में 20 किमी प्रति घंटे की गति से आगे बढ़ा है. यह और अधिक तीव्र होकर एक ‘गंभीर चक्रवाती तूफान’ में बदल गया है. आज, 2 नवंबर 2026 को सुबह 02:30 बजे (IST) यह 13.6° उत्तर अक्षांश और 82.5° पूर्व देशांतर के पास स्थित था. यह चेन्नई (तमिलनाडु) से लगभग 260 किमी पूर्व-उत्तर-पूर्व, नेल्लोर (आंध्र प्रदेश) से 290 किमी पूर्व-दक्षिण-पूर्व, मछलीपट्टनम (आंध्र प्रदेश) से 320 किमी दक्षिण-दक्षिण-पूर्व, कावली (आंध्र प्रदेश) से 310 किमी पूर्व-दक्षिण-पूर्व, ओंगोल (आंध्र प्रदेश) से 330 किमी दक्षिण-दक्षिण-पूर्व और विशाखापत्तनम (आंध्र प्रदेश) से 470 किमी दक्षिण में स्थित है.
दक्षिणी आंध्र प्रदेश के तट को पार करने की संभावना
मुरासु चक्रवात के उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते रहने और 2 नवंबर 2026 की आधी रात (23:30 बजे IST) से 3 नवंबर 2026 की सुबह (04:00 बजे IST) के बीच, ओंगोल के पास नेल्लोर और नरसापुर के बीच ‘गंभीर चक्रवाती तूफान’ के रूप में दक्षिणी आंध्र प्रदेश के तट को पार करने की प्रबल संभावना है.
यह भी पढ़ें

One thought on “Cyclone Murasu : ‘अर्नब’ के बाद चक्रवाती तूफान ‘मुरासू’ अब तबाही मचाने को तैयार, आंघ्र प्रदेश-ओडिशा हाई अलर्ट पर”