नई दिल्ली : Congress Rally At Ramlila Maidan राजधानी दिल्ली में विरोध प्रदर्शन के चलते व्यापारियों का बड़ा नुकसान हुआ है. वहीं, अब दिल्ली में एक नंवबर को रामलीला मैदान में कांग्रेस एक रैली करने जा रही है. व्यापारी इसे लेकर चिंतित हैं. दिल्ली के व्यापारियों ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी को एक पत्र लिखा है. इसके जरिये उन्होंने मांग की है, कि इसे स्थगित कर दिया जाए. बता दें कि, व्यापारियों के संगठन चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री ने अपनी चिंता जाहिर की है. यही नहीं, व्यापारियों ने इस रैली को 10 नवंबर के बाद आयोजित करने के लिए आग्रह किया है.
CTI ने राहुल गांधी को लिखी चिट्ठी
CTI चेयरमैन बृजेश गोयल ने राहुल गांधी को भेजी चिट्ठी में लिखा, ”हमें जानकारी मिली है कि आपकी पार्टी द्वारा 1 नवंबर, 2026 को रामलीला मैदान में महारैली का आयोजन किया जा रहा है. आपसे विनम्र निवेदन है कि इस रैली को 10 नवंबर (भैया दूज) के बाद आयोजित किया जाए, क्योंकि वर्तमान में दिवाली का व्यापार अपने पीक सीजन पर है.”
धनतेरस पर 25 हजार करोड़ का व्यापार का जिक्र
बृजेश गोयल ने चिट्ठी में लिखा कि धनतेरस पर लगभग 25 हजार करोड़ रुपये का कारोबार होता है. इस साल धनतेरस 6 नवंबर को है, दीपावली 8 नवंबर को और भैया दूज 10 नवंबर को है. लोग 1 हफ्ते पहले ही धनतेरस और दीपावली की खरीदारी शुरू कर देते हैं. धनतेरस के लिए दिल्ली में सोना-चांदी, बर्तन, इलेक्ट्रॉनिक्स, कपड़ा, ड्राई फ्रूट्स, मिठाइयां, ऑटोमोबाइल, गाड़ियां, प्रॉपर्टी, गिफ्ट आइटम में लगभग 25 हजार करोड़ रुपये का कारोबार होता है और ये व्यापार दिल्ली की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है.
विरोध प्रदर्शन की वजह से 3000 करोड़ का नुकसान
चिट्ठी में अपना दुख-दर्द बताते हुए कहा कि कनॉट प्लेस, इंडिया गेट और सेंट्रल दिल्ली में लगातार रैलियों, मार्च और रास्ते बंद होने के कारण दिल्ली के व्यापारियों को पहले ही लगभग 3 हजार करोड़ रुपये का नुकसान हो चुका है. थोक बाजारों में बाहर से माल आना बंद हो गया था और रिटेल में ग्राहक नहीं पहुंच पा रहे थे.
रामलीला मैदान के नजदीक हैं मुख्य बाजार
रामलीला मैदान के 5 किमी के दायरे में दिल्ली के सबसे ऐतिहासिक और प्रसिद्ध होलसेल एवं रिटेल बाजार स्थित हैं. इन बाजारों में चांदनी चौक, सदर बाजार, चावड़ी बाजार, भागीरथ पैलेस, खारी बावली, कश्मीरी गेट, नया बाजार, मोरी गेट, किनारी बाजार, दरीबा, दरिया गंज, अजमेरी गेट, जामा मस्जिद, झंडेवालान, करोल बाग, नबी करीम, आजाद मार्केट, लाजपत राय मार्केट आदि प्रमुख नाम शामिल हैं.
10 नवंबर के बाद रखी जाए रैली
सीटीआई ने लिखा, ”हम लोकतांत्रिक मूल्यों और शांतिपूर्ण विरोध के अधिकार का पूरा सम्मान करते हैं, लेकिन हम सभी राजनीतिक दलों से यही अनुरोध कर रहे हैं कि धनतेरस (6 नवंबर), दीपावली 8 नवंबर और भैया दूज (10 नवंबर) तक दिल्ली के मुख्य बाजार क्षेत्रों में बड़ी रैलियों का आयोजन न किया जाए. अतः आपसे पुनः विनम्र अनुरोध है कि व्यापारियों के हित में 1 नवंबर की रैली को 10 नवंबर के बाद आयोजित करने पर विचार करें.
यह भी पढ़ें

2 thoughts on “Congress Rally At Ramlila Maidan: नुकसान से परेशान व्यापारियों ने राहुल गांधी को लिखी चिट्ठी, कहा- दीवाली हमारा पीक सीजन, 10 नवंबर के बाद करें रैली”