shai hope

भारत के खिलाफ यह कैरिबियन बल्लेबाज कर सकता है खेला, आंकड़े देख चौंक जाएंगे आप

वेस्ट इंडीज 2027 ICC क्रिकेट वर्ल्ड कप क्वालिफायर से पहले एक बेहतरीन टीम कॉम्बिनेशन और निरंतरता हासिल करने की कोशिश कर रहा है। ऐसे में उनके मुख्य बल्लेबाज शाई होप की भूमिका बहुत अहम होगी, जिसकी शुरुआत रविवार को तिरुवनंतपुरम में भारत के खिलाफ पहले वनडे से होगी। 2023 वर्ल्ड कप के लिए क्वालीफाई न कर पाने के बाद, वेस्ट इंडीज एक बार फिर सीधे क्वालीफिकेशन का मौका चूक गया क्योंकि वे वनडे रैंकिंग में टॉप आठ में जगह नहीं बना पाए। दो बार की चैंपियन टीम अब फिर से खुद को तैयार कर रही है और दक्षिण अफ्रीका का टिकट पाने की कोशिश में है; ऐसे में वेस्ट इंडीज को शाई होप से काफी उम्मीदें हैं।

शाई के शानदार आंकड़े

होप ने अब तक 155 वनडे मैचों में 19 शतक लगाए हैं और उनका औसत 50 से ज़्यादा रहा है। भारत में उनका रिकॉर्ड शानदार रहा है। क्रिकेट के दीवाने इस देश में खेले गए 14 वनडे मैचों में होप ने 74.10 के औसत से 741 रन बनाए हैं, जिसमें तीन शतक और तीन अर्धशतक शामिल हैं और उनका बेस्ट स्कोर 123 रन रहा है। ऐसे में वह भारत के लिए वनडे सीरीज में बड़ा सिर दर्द बन सकते हैं, जब भारत के मुख्य तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और स्टार मिस्ट्री स्पिनर वरुण चक्रवर्ती उपलब्ध नहीं होंगे।

एशिया में 69 का औसत

वेस्टइंडीज के कप्तान शाई होप की काबिलियत का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि न सिर्फ भारतीय पिचों पर बल्कि एशिया में उन्होंने 1000 से अधिक रन बनाए हैं और इस दौरान उनका बैटिंग औसत 69.63 का है।कुल 29 पारियां खेली हैं और इसमें सात शतक और 6 अर्धशतक के साथ 1532 रन बनाए हैं। रवींद्र जडेजा और कुलदीप यादव की स्पिन जोड़ी के खिलाफ वह निश्चित रूप से वेस्ट इंडीज के लिए तुरुप का इक्का साबित होंगे। जब से शाई ओपनिंग से मिडिल ऑर्डर में शिफ्ट हुए हैं, तब से उनका बैटिंग स्ट्राइक रेट स्पिन के खिलाफ 68.75 से बढ़कर 90.19 हो गया है।

शाई के पास लारा से आगे निकलने का मौका 

इस कैरेबियाई दिग्गज को वेस्ट इंडीज के महान खिलाड़ी ब्रायन लारा से आगे निकलने के लिए बस एक और शतक की जरूरत है, जिससे वे 20 वनडे शतक पूरे कर लेंगे और इस फॉर्मेट में वेस्ट इंडीज के लिए सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले दूसरे बल्लेबाज बन जाएंगे। इस साल, सात मैचों की छह पारियों में होप ने 39.80 के औसत से 199 रन बनाए हैं, जिसमें दो अर्धशतक और 87* का बेस्ट स्कोर शामिल है।

भारत-वेस्टइंडीज का स्क्वाड

टीमें: भारत टीम: रोहित शर्मा, शुबमन गिल (कप्तान), विराट कोहली, रुतुराज गायकवाड़, केएल राहुल (विकेटकीपर), नितीश कुमार रेड्डी, रवींद्र जड़ेजा, औकिब नबी, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, यशस्वी जयसवाल, ध्रुव जुरेल, गुरनूर बरार, नमन धीर 

वेस्टइंडीज टीम: जॉन कैंपबेल, शाई होप (विकेटकीपर), केसी कार्टी, शेरफेन रदरफोर्ड, जस्टिन ग्रीव्स, आमिर जांगू, मैथ्यू फोर्डे, रोस्टन चेज़, गुडाकेश मोती, अल्ज़ारी जोसेफ, जेडन सील्स, शमर जोसेफ, ज्वेल एंड्रयू, विटेल लॉज़, कीमो पॉल।

सबसे ज़्यादा पढ़े गए