लखनऊ: Heavy Rain Uttar Pradesh उत्तर प्रदेश में बारिश का कहर जारी है. बीते 24 घंटे से लगातार बारिश और खराब मौसम ने राज्य में तबाही मचा रखी रखी है. कई शहरों में फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है, वहीं, जलभराव के चलते लोगों की आवाजाही बाधित हुई है. योगी सरकार ने सभी जिलाधिकारियों को किसी भी आपात स्थिति से निपनटे के लिए तैयार रहने का निर्देश दिया है.
जिलाधिकारियों को अलर्ट रहने का निर्देश
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर प्रशासन को प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने और जरूरतमंद परिवारों तक तत्काल सहायता पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं. राहत आयुक्त डॉ. हृषिकेश भास्कर ने जिलाधिकारियों से प्रभावित परिवारों से व्यक्तिगत रूप से मिलने और उनकी समस्याओं का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा है. कई जिलों में स्कूल-कॉलेज बंद कर गिये गये हैं.
पूर्वी उत्तर प्रदेश में नदियों का जलस्तर बढ़ा
पूर्वी उत्तर प्रदेश में लगातार हो रही बारिश से नदियों का जलस्तर बढ़ गया है, जिससे बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है. दूसरी तरफ नेपाल में भारी बारिश को देखते हुए नेपाल सीमा से सटे जिलों, खासकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है. बाढ़ राहत और बचाव दलों को अलर्ट मोड पर रखा गया है.
सामान्य से अधिक बारिश
राहत आयुक्त के मुताबिक प्रदेश के 63 जिलों में सामान्य से अधिक बारिश दर्ज की गई है. पिछले 24 घंटे में पूरे प्रदेश में सामान्य से 19 गुना अधिक बारिश हुई. फर्रुखाबाद में सामान्य से 200 गुना, कानपुर नगर में 160 गुना और कन्नौज, कानपुर देहात व हरदोई में सामान्य से 130 गुना अधिक वर्षा रिकॉर्ड की गई. हालांकि, पश्चिम यूपी के बागपत, गाजियाबाद, मथुरा, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, शामली, गौतमबुद्धनगर और हापुड़ में बारिश नहीं हुई.
सोमवार से मिल सकती है राहत
मौसम विभाग का कहना है कि बारिश का असर रविवार तक बने रहने की संभावना है. सोमवार से मौसम में सुधार शुरू हो सकता है और धूप निकलने के आसार हैं. अक्टूबर के पहले सप्ताह से प्रदेश में मानसून की विदाई की प्रक्रिया शुरू होगी.
ये भी पढ़ें
Election commission Meeting: SIR पर घमासान के बीच चुनाव आयोग की बैठक, विवाद पर दी सफाई
