Greater Noida Bus Fire: दिल्ली से बिहार के समस्तीपुर जा रही एक यात्री बस में मंगलवार को अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। बस में उस वक्त 32 यात्री सवार थे। आग की लपटें उठती देख यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और लोग किसी तरह बस से बाहर निकलने की कोशिश करने लगे। गनीमत रही कि समय रहते सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
यह घटना ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। बस में आग लगने की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची। सेक्टर-148 से पहुंची टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
इंजन के पास से उठी आग, शॉर्ट सर्किट की आशंका
ग्रेटर नोएडा के एडीसीपी अभय कुमार मिश्रा ने बताया कि बस दिल्ली से समस्तीपुर जा रही थी। आग लगने के समय बस में 32 यात्री मौजूद थे। पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जानकारी में यात्रियों ने बताया है कि आग संभवत: बस के इंजन के पास शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी। हालांकि आग लगने की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी।
कुछ देर के लिए थम गई यात्रियों की सांसें
चलती बस में अचानक आग लगने से यात्रियों के बीच डर का माहौल बन गया। किसी को समझ नहीं आ रहा था कि आखिर क्या हुआ। जैसे ही आग की लपटें दिखाई दीं, यात्रियों ने जल्दबाजी में बस से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। राहत की बात यह रही कि पुलिस और दमकल टीम ने समय रहते स्थिति को संभाल लिया और बस में सवार सभी 32 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। पुलिस अब यात्रियों के आगे के सफर की व्यवस्था कराने में भी जुटी है।
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है। आग लगने के कारणों का पता लगाने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
