न्यूज डेस्क : Delimitation Bill परिसीमन विधेयक को लेकर एनडीए गठबंधन और विपक्षी इंडिया गठबंधन में घमासान तेज होता जा रहा है. इस विधेयक पर इंडिया गठबंधन के दलों की एकजुटता सवालों के घेरे में आ गई है. शनिवार को डीएमके ने भी इस विधेयक को अपना समर्थन देने का एलान कर दिया. वहीं. एनसीपी (शरद पवार) गुट भी केंद्र सरकार के साथ खड़ा हो गया है. अब इंडिया गठबंधन इन नेताओं को मनाने की कोशिश में जुट गया है. इससे पहले लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने मोदी सरकार की मंशा पर सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि, महिला आरक्षण के लिए सीटों को बढ़ाना मनमानी है. यही नहीं, कांग्रेस नेता ने कहा कि, ये लोकतंत्र की हत्या है.
स्टालिन को मनाने के लिए कोशिशें तेज
केंद्र सरकार के प्रस्तावित परिसीमन विधेयक को लेकर विपक्षी INDIA गठबंधन में हलचल तेज हो गई है. विधेयक पर विपक्षी दलों के बीच मतभेद सामने आने के बाद कांग्रेस ने सहयोगी दलों को एकजुट करने की कोशिश शुरू कर दी है. इसी सिलसिले में कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी रविवार को चेन्नई के लिए रवाना हो रहे हैं. वहां वे डीएमके प्रमुख और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन से मुलाकात करेंगे.
बीजेपी विधायक राम कदम कांग्रेस पर भड़के
वहीं, एनसीपी नेता शरद पवार को मनाने के लिए भी कांग्रेस जुट गई. मुंबई में बीजेपी विधायक राम कदम ने INDIA गठबंधन के नेताओं की शरद पवार और एमके स्टालिन से मुलाकात को लेकर कांग्रेस पर पलटवार किया. उन्होंने कहा कि शरद पवार के व्यापक राजनीतिक अनुभव के सामने कांग्रेस के ये नेता बच्चे जैसे हैं. उन्हें शरद पवार के अनुभव पर टिप्पणी तक नहीं करनी चाहिए.
सपा ने अपने सांसदों को जारी किया व्हिप
समाजवादी पार्टी ने भी केंद्र सरकार के प्रस्तावित परिसीमन और महिला आरक्षण विधेयकों के विरोध में अपने सांसदों को व्हिप जारी किया है. पार्टी ने लोकसभा के सभी सांसदों को 30 नवंबर से 3 दिसंबर तक चलने वाले संसद के विशेष सत्र के दौरान सदन में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने और विधेयकों के खिलाफ मतदान करने का निर्देश दिया है.
सपा ने अपने सांसदों से संविधान (एक सौ बत्तीसवां संशोधन) विधेयक, परिसीमन (दूसरा) विधेयक और केंद्र शासित प्रदेश कानून (संशोधन) दूसरा विधेयक का विरोध करने को कहा है. इन विधेयकों पर मतदान के दौरान पार्टी सांसदों को सरकार के खिलाफ वोट करने का निर्देश दिया गया है.
यह भी पढ़ें
