एजेंसी : Cyclone And Rain Alert बंगाल की खाड़ी में कम दवाब से बने चक्रवात ने मौसम के मिजाज को बदला है. इसके चलते कई तूफान भी आए हैं. हालांकि, मानसून की विदाई हो चुकी है. इस बीच दक्षिण और पूर्वी भारत के कई राज्यों में एक बार फिर चक्रवाती तूफान और बारिश की आशंका बनी हुई हैं. मौसम विभाग ने जानकारी दी है कि, 19 नवंबर को झारखंड, बिहार, ओडिशा समेत 15 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. इस दौरान 85 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं भी चल सकती हैं.
चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ से बढ़ेगा खतरा
दक्षिण और उससे सटे पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में बना प्रचंड चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ मौसम की स्थिति को प्रभावित कर रहा है. इसके 20 नवंबर की दोपहर तक उत्तरी आंध्र प्रदेश, यनम और दक्षिणी ओडिशा के तटों के बीच मछलीपट्टनम और पुरी के आस-पास टकराने की संभावना जताई गई है. इस दौरान हवा की रफ्तार 90 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे और झोंकों के साथ 110 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.
इसके प्रभाव से 19 और 20 नवंबर को तटीय आंध्र प्रदेश, यनम और ओडिशा में कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है. समुद्र में ऊंची लहरें उठने और तेज हवाएं चलने की आशंका के बीच तटीय इलाकों के लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.
इन 15 राज्यों में बारिश और आंधी का अलर्ट
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, आज झारखंड, बिहार, ओडिशा, आंध्र प्रदेश, केरल, तेलंगाना, तमिलनाडु, कर्नाटक, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय और त्रिपुरा में बारिश और आंधी की संभावना है.
झारखंड के रांची, धनबाद, देवघर, बोकारो, हजारीबाग, पलामू और रामगढ़ समेत कई जिलों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट है. बिहार में पटना, भोजपुर, बक्सर, भागलपुर, पूर्णिया, सुपौल, दरभंगा, मधुबनी और किशनगंज सहित कई जिलों में मौसम खराब रह सकता है.
ओडिशा और पश्चिम बंगाल के तटीय इलाकों में भारी बारिश के साथ तेज हवाएं चलने की आशंका है. पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में हवा की रफ्तार 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. वहीं, आंध्र प्रदेश में चक्रवाती तूफान का सबसे ज्यादा असर देखने को मिल सकता है.
दिल्ली-UP समेत उत्तर भारत में बढ़ेगी ठंड
दिल्ली में 19 नवंबर को ठंड और घने कोहरे का असर देखने को मिल सकता है. राजधानी में अधिकतम तापमान 26 डिग्री और न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.
उत्तर प्रदेश में गाजियाबाद, मेरठ, नोएडा, आगरा, कानपुर, वाराणसी, प्रयागराज, गोरखपुर और जौनपुर समेत कई जिलों के लिए मौसम खराब रहने की चेतावनी दी गई है. पंजाब, हरियाणा और राजस्थान के कई इलाकों में भी घने कोहरे और ठंड का असर बढ़ सकता है.
यह भी पढ़ें
