एजेंसी : “Belonging : A Journey of Love” कांग्रेस नेता सोनिया गांधी की आत्मकथा ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ काफी सुर्खियां बटोर रही है. इस आत्मकथा के जरिए गांधी परिवार के कई अनसुने किस्से सामने आ रहे हैं. कांग्रेस पार्टी की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने एक ऐसा ही किस्सा पुस्तक में साझा किया है. इसके मुताबिक, उन्होंने इस किताब में लिखा कि, राहुल से पहले भी उनका एक बच्चा था, लेकिन वह जीवित नहीं रह सका. यही नहीं, सोनिया गांधी ने इस पूरे घटनाक्रम को विस्तार से लिखा.
पहले बच्चे के जन्म पर सभी खुश थे…
पीटीआई के अनुसार, यह बच्चा उनका और उनके पति, पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी का पहला बेटा था, जिसे इस दंपति ने राहुल गांधी के जन्म से एक साल से भी अधिक समय पहले खो दिया था. सोनिया गांधी लिखती हैं कि यह दुखद घटना जनवरी 1969 में घटी थी. उन्होंने लिखा कि, इससे कुछ महीने पहले ही जब उनके प्रेगनेंट होने की खबर आई थी, तो पूरा गांधी परिवार बेहद खुश था.
आमतौर पर अपनी भावनाओं पर नियंत्रण रखने वाली पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी भी बहुत खुश थीं, उन्होंने इस खबर का गर्मजोशी से स्वागत किया था और अपनी बहू को गले लगा लिया था. इंदिरा गांधी ने खुशी में कहा था कि एक बड़ा बच्चा दूसरे बच्चे को जन्म देने जा रहा है.
जन्म के कुछ घंटों बाद हो गई थी मौत
सोनिया गांधी ने किताब “Belonging : A Journey of Love” में लिखा कि, यह खुशी ज्यादा देर तक नहीं टिक सकी. तय समय से करीब दो महीने पहले ही सोनिया गांधी को प्रसव पीड़ा शुरू हो गई और 18 जनवरी 1969 को उन्होंने एक बेटे को जन्म दिया. प्रीमैच्योर होने के बावजूद बच्चा देखने में स्वस्थ लग रहा था.
सोनिया ने आगे लिखते हुए कहा कि, जब बच्चे को इनक्यूबेटर में रखा गया, तब मैंने उसकी पहली रोने की आवाज सुनी. बाद में राजीव मुझे उसे दिखाने ले गए, घने काले बालों और लंबी, पतली उंगलियों वाला एक नन्हा सा सुंदर बच्चा. हमें देखते ही उससे प्यार हो गया था.
दोनों गहरे सदमे में आ गये थे
लेकिन वह नन्हीं जान ज्यादा देर तक जीवित नहीं रह सकी. डॉक्टरों ने राजीव गांधी को पहले ही संकेत दे दिया था कि, बच्चे के बचने की संभावना बहुत कम है. अगली सुबह जब इस दंपति को बच्चे के न रहने की खबर मिली, तो दोनों गहरे सदमे में आ गए.
सोनिया गांधी याद करती हैं कि हमेशा संयमित रहने वाले राजीव गांधी भी खुद को रोक नहीं पाए और उनके साथ फूट-फूट कर रोने लगे. उस समय दौरे पर बाहर गईं इंदिरा गांधी भी अपना दौरा बीच में छोड़कर तुरंत अस्पताल पहुंचीं और उन्होंने नम आंखों से दोनों को गले लगाया.
महरौली के फार्म हाउस में किया गया था दफन
बच्चे के चले जाने के बाद परिवार के सामने यह सवाल खड़ा हुआ कि उसका अंतिम संस्कार कैसे किया जाए. सोनिया गांधी बताती हैं कि, नवजात शिशुओं के पारंपरिक अंतिम संस्कार के तहत जब बच्चे के पार्थिव शरीर को नदी में प्रवाहित करने की बात चली, तो वह बुरी तरह सहम गईं.
दिल्ली के ओखला बैराज के पास एक शव को फंसे देखने की पुरानी और डरावनी याद ने उन्हें डरा दिया था. उन्होंने साफ कह दिया कि कुछ भी हो जाए, मैं अपने बच्चे को नदी में नहीं फेंकने दूंगी.
इसके बाद परिवार ने तय किया कि बच्चे को दक्षिण दिल्ली के महरौली स्थित फिरोज गांधी के फार्म पर दफनाया जाएगा. राजीव गांधी और उनके छोटे भाई संजय गांधी ने मिलकर गुलाबी बोगनवेलिया की झाड़ी के नीचे उस नन्हें बच्चे को दफनाया गया.
यह भी पढ़ें

One thought on ““Belonging : A Journey of Love”: सोनिया गांधी की आत्मकथा में खुलासा, राहुल से पहले हुआ था एक बच्चा, लेकिन..”