नई दिल्ली : Agniveer In Indian Army केंद्र सरकार ने बड़ा फैसला लिया है. 25 फीसदी अग्निवीरों को अब सेना में स्थायी सेवा दी जाएगी. वहीं, एक अन्य फैसले में 75 फीसदी अग्निवीरों को कार्यकाल अब दो साल के लिए बढ़ा दिया गया है. इसका मतलब है कि, अब अग्निवीरों का सेवा अवधि छह साल की होगी. इस बात की जानकारी चीफ ऑफ डिफेंस स्टॉफ जनरल एनएस राजा सुब्रमणि ने दी.
सीडीएस ने और क्या कहा
सीडीएस जनरल एन एस राजा सुब्रमणि ने इससे पहले कहा था, ‘मौजूदा प्रावधानों के अनुसार, 25 फीसदी अग्निवीरों को योग्यता के आधार पर नियमित बलों में शामिल किया जाता है, जबकि शेष 75 फीसदी अनुशासित और प्रेरित युवाओं के रूप में सेवामुक्त हो जाते हैं. नए बदलावों के तहत इन 75 फीसदी अग्निवीरों को दो साल की अतिरिक्त सेवा अवधि की पेशकश की जाएगी. इस विस्तारित अवधि के पूरा होने के बाद चयन मानदंडों को पूरा करने वाले और सेवा जारी रखने के इच्छुक अग्निवीरों को सशस्त्र बलों में शामिल किया जाएगा.’
3 लाख से ज्यादा सैनिक कार्यरत
जून 2022 में शुरू की गई ‘अग्निपथ’ योजना के तहत सैनिकों की भर्ती चार साल के कार्यकाल के लिए की गई. इसमें कुल भर्ती किए गए अग्निवीरों में से केवल 25 फीसदी को नियमित सेवा में बनाए रखने का प्रावधान था. योजना में ये बदलाव करीब 18,000 अग्निवीरों के सशस्त्र बलों से सेवामुक्त होने के तीन हफ्ते से कुछ अधिक समय पहले किए गए हैं. फिलहाल अग्निपथ योजना के तहत भर्ती किए गए तीन लाख से अधिक सैनिक सशस्त्र बलों में सेवा दे रहे हैं.
विपक्ष ने उठाए थे सवाल
इस योजना के तहत साढ़े 17 से 21 वर्ष की आयु के युवाओं को चार साल के लिए भर्ती करने का प्रावधान है. कांग्रेस सहित कई विपक्षी दलों ने इस योजना को लेकर सरकार को निशाने पर लिया था. उन्होंने सवाल उठाया था कि चार साल का कार्यकाल पूरा होने के बाद 75 फीसदी अग्निवीरों का क्या होगा, क्योंकि कुल भर्ती किए गए अग्निवीरों में से केवल 25 फीसदी को ही 15 साल के लिए नियमित सेवा में रखा जाएगा.
यह भी पढ़ें

One thought on “Agniveer In Indian Army: अग्निवीरों को दिवाली से पहले बड़ा तोहफा, 25 फीसदी सेना में होंगे स्थाई, 75 फीसदी को मिला सेवा विस्तार, पढ़ें ये रिपोर्ट”