IMD Rain Alert

IMD Rain Alert: बंगाल की खाड़ी में कम दबाव से बिगड़ सकता है मौसम, दक्षिण राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, जानिए उत्तर भारत का हाल

एजेंसी :  IMD Rain Alert   भारतीय  मौसम विभाग ने बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बनने की वजह से बारिश की चेतावनी दी है. इसके मुताबिक, 26 अक्टूबर तक ये चक्रवात का रूप ले सकता है. इस वजह से आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में जोरदार बारिश का अनुमान है. साथ ही, चक्रवात विकसित होने की स्थिति में 27 अक्टूबर से मध्यम से भारी बारिश शुरू हो सकती ह

वहीं, उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश में 28 और 29 अक्टूबर को भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी गई है. इस बीच, बंगाल की खाड़ी में सक्रिय दो मौसमी प्रणालियों के कारण दक्षिण भारत के कई राज्यों में बारिश का दौर जारी है.

दक्षिण भारत में भारी बारिश

दक्षिण भारत के राज्यों पर अगले छह दिन भारी गुजरने वाले हैं. मौसम विभाग के मुताबिक 22 से 25 अक्टूबर के दौरान केरल, माहे, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में कई जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश होगी. इसके साथ ही लक्षद्वीप और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में भी 22 से 25 अक्टूबर तक मूसलाधार बारिश का अलर्ट है. केरल में 26 और 27 अक्टूबर को भी भारी बारिश का सिलसिला जारी रहेगा. इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की झोंकेदार हवाएं चलेंगी और आकाशीय बिजली चमकने का खतरा बना रहेगा.

तटीय आंध्र प्रदेश और रायलसीमा में 21 से 23 अक्टूबर के दौरान तेज सतही हवाएं चलने की संभावना है. वहीं 24 अक्टूबर को तेलंगाना और आंतरिक कर्नाटक में भी तेज हवाओं के साथ बादलों की गड़गड़ाहट रहेगी. केरल, कर्नाटक तट और मन्नार की खाड़ी के पास 35 से 45 किलोमीटर की रफ्तार से हवाएं चलेंगी. इनकी गति 55 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. मछुआरों को गहरे समंदर में न जाने की सख्त सलाह दी गई है.

उत्तर भारत में आसमान साफ, सुबह-शाम ठंड और शुष्क रहेगा मौसम

उत्तर भारत के मैदानी और पहाड़ी राज्यों में पूरे हफ्ते किसी बड़े मौसमी बदलाव की संभावना नहीं है. दिल्ली-एनसीआर, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में मौसम पूरी तरह सूखा रहेगा. इन राज्यों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य के आसपास बना हुआ है. दिन में तेज धूप खिलेगी, लेकिन सुबह और देर रात में हल्की ठंडक और धुंध का असर नजर आने लगा है. हालांकि 24 अक्टूबर को पश्चिमी राजस्थान के इक्का-दुक्का इलाकों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाओं के साथ हल्की बादलों की गर्जना हो सकती है. इसके अलावा समूचे उत्तर-पश्चिम क्षेत्र में बारिश या आंधी का कोई अलर्ट नहीं है. किसान अपनी फसलों की कटाई और रबी की बुआई का काम बिना रुकावट पूरा कर सकते हैं.

पश्चिम भारत: कोंकण और गोवा में उमस, गुजरात-महाराष्ट्र में सूखा

पश्चिम भारत के ज्यादातर राज्यों में भी मौसम का मिजाज शुष्क और गर्म बना रहेगा. गुजरात, महाराष्ट्र, विदर्भ और मध्य प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अगले छह दिनों तक बारिश की कोई गतिविधि दर्ज नहीं होगी. दिन का पारा सामान्य से थोड़ा ऊपर बना रह सकता है. तटीय महाराष्ट्र के कोंकण और गोवा क्षेत्र के लिए मौसम विभाग ने गर्म और बेहद उमस भरे मौसम की चेतावनी जारी की है. यहां चिपचिपी गर्मी से लोग परेशान हो सकते हैं.

यह भी पढ़ें

Amitabh Bachchan on Social Media: अमिताभ बच्चन की इस पोस्ट के बाद फैंस बेचैन, लिखा-“मैं माफी चाहता हूं, मुझे…..”

सबसे ज़्यादा पढ़े गए

One thought on “IMD Rain Alert: बंगाल की खाड़ी में कम दबाव से बिगड़ सकता है मौसम, दक्षिण राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, जानिए उत्तर भारत का हाल”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *